कल डाकघर में मुफ्त बनेंगे आधार कार्ड, होंगे अपडेट…

सीहोर। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीहोर प्रधान डाकघर में शनिवार 29 अगस्त को एक विशेष आधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 8.00 बजे से प्रारंभ होकर रात्रि 8.00 बजे तक चलने वाले इस 12 घंटे के विशेष शिविर के माध्यम से नागरिक अपने आधार कार्ड से जुड़े विभिन्न कार्यों का लाभ एक ही छत के नीचे उठा सकेंगे।
डाकघर प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस शिविर में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के नए आधार कार्ड पूरी तरह मुफ्त बनाए जाएंगे। इसके अलावा, जिन नागरिकों को अपने आधार कार्ड में पहली बार सुधार या अपडेशन कराना है, उनसे भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इन सभी जरूरी सुधारों की मिलेगी सुविधा
शिविर के दौरान पुराने आधार कार्डों में त्रुटि सुधार और आवश्यक संशोधन की पूरी व्यवस्था रहेगी। इसके अंतर्गत दस्तावेज के अनुसार नाम या जन्मतिथि की स्पेलिंग दुरुस्त कराई जा सकेगी। नया पता या निवास स्थान अपडेट करने की सुविधा। उंगलियों के निशान, आंखों की पुतली का स्कैन और फोटो बदलने का कार्य भी किया जाएगा।
नियमित कार्य दिवसों का समय भी किया स्पष्ट
प्रधान डाकघर के अधिकारी हेमंत बघेल ने बताया कि इस विशेष शिविर दिवस के अलावा अन्य सभी सामान्य कार्य दिवसों में डाकघर में नियमित रूप से सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक आधार सेवाएं संचालित की जाती हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय सीमा का ध्यान रखते हुए इस विशेष 12 घंटे के शिविर का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाएं।

Exit mobile version