Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीविशेषसीहोर

जहर खाकर आत्महत्या मामले में आरोपी अब तक फरार, दो की हुई अग्रिम जमानत

- 23 जुलाई को रेहटी तहसील के कोठरा निवासी सुमेर सिंह पंवार ने की थी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या, मरने से पहले बनाया था वीडियो

सीहोर। जिले की रेहटी थाना पुलिस ने सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर कोठरा निवासी सुमेर सिंह पंवार की जहारीला पदार्थ खाकर आत्महत्या मामले में पांच आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की है, लेकिन रेहटी पुलिस की गिरफ्त से आरोपी अब तक फरार हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में अब तक दो आरोपियों की अग्रिम जमानत हो चुकी है, जबकि तीन फरार है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।
जानकारी के अनुसार रेहटी थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम कोठरा पिपलिया निवासी सुमेर सिंह उर्फ पप्पू पंवार पिता अमर सिंह पंवार आयु करीब 36 वर्ष द्वारा सूदखोरों से परेशान होकर गत 23 जुलाई को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली गई थी। आत्महत्या से पहले सुमेर सिंह ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने महेंद्र पटेल, जगदीश चौहान, बलराम पटेल, इंद्रकुमार प्रजापति और रामबाबू पटेल के नाम बताए थे। हालांकि इन आरोपियों में से अब तक महेंद्र पटेल एवं जगदीश चौहान की अग्रिम जमानत हो चुकी है, जबकि बलराम पटेल, इंद्रकुमार प्रजापति एवं रामबाबू पटेल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 108, मप्र ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 धारा 3, 4 लगाई है।
पुलिस को नहीं मिल रहा कोई सुराग-
रेहटी थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि पुलिस को अब तक ऐसा कोई सुराग हाथ नहीं लगा, जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस लगातार आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन पर भी नजर बनाए हुए हैं, लेकिन आरोपियों की लोकेशन नहीं मिल पा रही है। जगह-जगह पुलिस टीम पहंुच रही है, लेकिन अब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है। इस मामले में सुमेर सिंह पंवार के परिजनों ने रेहटी थाने का घेराव किया था। इस दौरान पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए गए थे। हालांकि परिजनों का आरोप अब भी है कि पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है। रेहटी थाना प्रभारी हिमलेंद्र सिंह पटेल का कहना है कि पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button