Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम में नागपुर की महिला श्रद्धालु की साइलेंट अटैक से मौत

सीहोर। आगामी 25 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल होने नागपुर महाराष्ट्र से कुबेरेश्वरधाम आईं 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रद्धालु कौशल्या बाई कवड़े की रविवार को अचानक दिल का दौरा पडऩे से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद एक बार फिर धाम परिसर में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कौशल्या बाई अपने परिजनों के साथ कुबेरेश्वरधाम में दर्शन और कांवड़ यात्रा के लिए आई हुई थीं। रविवार को परिसर में विश्राम करने के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे अचेत हो गईं। परिजनों की सूचना पर धाम की एम्बुलेंस से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर उमेश श्रीवास्तव ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की मौत साइलेंट हार्ट अटैक के कारण हुई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पीएम से किया इनकार
अस्पताल में महिला की मौत की पुष्टि होते ही साथ आए परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन अस्पताल परिसर में बिलखते नजर आए। परिजनों ने मृतका का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वे शव को निजी एम्बुलेंस के जरिए वापस नागपुर ले जाने की तैयारियों में जुट गए।
आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं पर फिर उठे सवाल
25 अगस्त को होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या बुजुर्गों और महिलाओं की है। ऐसे में अचानक तबीयत बिगडऩे पर तत्काल और प्रभावी डॉक्टरी सहायता न मिल पाना बेहद चिंताजनक है। बीते वर्ष भी कांवड़ यात्रा के दौरान रुद्राक्ष वितरण के समय मची अव्यवस्था में श्रद्धालुओं की जान चली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद भी धाम परिसर में पुख्ता चिकित्सा सुविधाओं पर सवाल उठे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button