काली फिल्म के खिलाफ जावर में एक्शन, अन्य थानों में सुस्ती…

सीहोर। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए जावर पुलिस इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस ने गुरुवार को सडक़ों पर काली फिल्म लगाकर फर्राटा भरने वाले वाहनों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। महज एक सप्ताह के भीतर काली फिल्म के खिलाफ जावर पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ जावर पुलिस लगातार मुस्तैदी दिखा रही है, वहीं जिले के अन्य थानों में इस तरह के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी जावर की सडक़ों पर अत्यंत तेज गति और लापरवाही पूर्वक दौड़ रही है। इस गाड़ी के शीशों पर न सिर्फ नियमों के खिलाफ जाकर गहरी काली फिल्म चढ़ी थी, बल्कि इस पर विधिवत नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जावर पुलिस ने तत्काल तत्परता दिखाई और मुख्य गांधी चौक के पास तगड़ी घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को चारों तरफ से रोक लिया।
थाने लाकर उतरवाई फिल्म
पुलिस टीम मौके पर ही गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर चालक दीपेंद्र पिता चेनसिंह बागवान निवासी खजुरिया के साथ जावर थाने आई। थाने परिसर में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सबसे पहले गाड़ी के शीशों पर चढ़ी काली फिल्म को मौके पर ही निकलवाया। इसके बाद यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने गाड़ी चालक पर तेज गति से वाहन चलाने, वाहन में पारदर्शी सुरक्षा शीशा न होने और नंबर प्लेट विधिवत न होने के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 2500 रुपये का चालान वसूल किया।
चर्चा में जावर पुलिस की मुस्तैदी
बता दें जावर पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले भी इसी तरह की एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर उसकी काली फिल्म हटवाई थी और भारी जुर्माना लगाया था। ठीक एक हफ्ते बाद गुरुवार को फिर पुलिस ने वैसी ही मुस्तैदी दिखाते हुए इस दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई के बाद शहर में यह चर्चा भी जोरों पर है कि जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी धड़ल्ले से काली फिल्म और बिना नंबर प्लेट के वाहन दौड़ रहे हैं, लेकिन वहां जावर पुलिस जैसी तत्परता देखने को नहीं मिल रही है।

Exit mobile version