सीहोर के बाद अब भैरुंदा में तेंदुए की दहशत, गाय का शिकार करते दिखे मादा तेंदुआ और दो शावक

सीहोर। सीहोर शहर के बाद अब भैरुंदा तहसील के ग्राम जाट मुहाई क्षेत्र में तेंदुए की आहट से दहशत का माहौल है। शनिवार देर रात एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ खुले इलाके में नजर आई। तेंदुए द्वारा एक गाय का शिकार करने का वीडियो भी सामने आया हैए जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो गोपालपुर वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जाट मुहाई गांव के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मादा तेंदुआ गाय का शिकार करने के बाद उसे खा रही है और पास ही दो शावक मौजूद हैं। इसी बीच वहां से गुजर रही एक गाड़ी की रोशनी पड़ते ही तेंदुआ सतर्क हो गया और शावकों के साथ जंगल की ओर भाग निकला। पहली बार गांव के इतने करीब शावकों के साथ तेंदुए को देख ग्रामीणों में भारी डर व्याप्त है।
वन विभाग ने कराई मुनादी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने जाट मुहाई और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले बाहर न निकलें, बच्चों को सुरक्षित रखें और मवेशियों के बाड़ों की विशेष निगरानी करें। लाडक़ुई वन परिक्षेत्र के अधिकारी प्रकाश चंद उइके ने बताया कि वन अमला लगातार गश्त कर रहा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
खिवनी अभयारण्य से जुड़ा है क्षेत्र
जानकारों का मानना है कि यह इलाका खिबुनी अभयारण्य से सटा हुआ है, जहां अक्सर तेंदुओं की मूवमेंट रहती है। भोजन और पानी की तलाश में ये जंगली जानवर ग्रामीण इलाकों का रुख कर रहे हैं। हाल ही में पास के खातेगांव क्षेत्र में भी मवेशी के शिकार की घटना सामने आई थी। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे वन्य जीवों के करीब जाने या उन्हें भडक़ाने की कोशिश न करें।
बता दें सप्ताह भर पहले ऐसे ही तेंदुए की दहशत में सीहोर जिला मुख्यालय का हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र था। इसके साथ नजदीकी गांव में भी तेंदुए ने गाय को शिकार बनाया था। सीहोर शहर में तेंदुए की दशहत अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि अब भैरुंदा के जाट मुहाई क्षेत्र में तेंदुए ने अपनी दस्तक दे दी है।



