शाहगंज के खटपुरा के बाद अब सीहोर में लगातार बाघ की दस्तक, रिहायशी इलाकों में दहशत
अवधपुरी पानी की टंकी के पास सुबह दिखा बाघ, खेत में मिले पगचिह्न और बैठने के निशान

सीहोर। शाहगंज के खटपुरा क्षेत्र में वन्यजीवों की हलचल के बाद अब सीहोर शहर के पास बाघ की मौजूदगी से हडक़ंप मच गया है। बीते दिनों शाहगंज में एक बस के आगे दौड़ते बाघ का वीडियो सामने आने के बाद मंगलवार सुबह सीहोर शहर के अवधपुरी पानी की टंकी के पास बाघ दिखाई देने से आसपास की कॉलोनियों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया।
खेत में मिले पगचिह्न, सर्चिंग ऑपरेशन तेज
स्थानीय रहवासियों के अनुसार मंगलवार सुबह पानी की टंकी के आसपास बाघ को घूमते देखा गया था। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने जब आसपास के खेतों और झाडिय़ों में पड़ताल की तो सुनेर भाई के खेत में बाघ के स्पष्ट पगचिह्न (पंजे के निशान) और उसके बैठने के साक्ष्य मिले। इसके बाद वन विभाग ने इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है। वनकर्मी लाठी-डंडों और सुरक्षा उपकरणों के साथ खेतों व झाडिय़ों में बाघ की लोकेशन ट्रैक कर रहे हैं, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर खदेड़ा जा सके।
पिछले एक सप्ताह से आसपास के जंगलों में मूवमेंट
सीहोर और उससे लगे क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से लगातार बाघ की आवाजाही की खबरें आ रही हैं। इछावर मार्ग से सटे जंगलों में भी बाघ को देखे जाने की बात सामने आई थी। वहीं रातापानी अभयारण्य से लगे बुधनी और शाहगंज के ग्रामीण इलाकों में पिछले 4-5 दिनों से बाघ और तेंदुए का मूवमेंट बना हुआ है।
वन विभाग की चेतावनी, सतर्क रहें
अचानक बढ़े खतरे को देखते हुए वन विभाग ने आसपास की कॉलोनियों के नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें सुबह की सैर या देर शाम बिना काम के घर से बाहर निकलने से बचें। छोटे बच्चों को अकेले घर से बाहर या खुले मैदानों में न खेलने दें। यदि कहीं भी बाघ या अन्य हिंसक वन्यजीव दिखाई देए तो स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत वन विभाग की टीम को सूचित करें। फिलहाल वन विभाग की पूरी टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



