जमीन विवाद पर भारी हंगामा, जुताई करने पहुंचे लोगों पर लाठी-पत्थरों से हमला, पुलिस के सामने महिला दरांती लेकर अड़ी

सीहोर। रोला गांव में सोमवार शाम जमीन के एक पुराने विवाद ने उग्र रूप ले लिया। कोर्ट के आदेश के बाद खेत में जुताई करने पहुंचे जमीन मालिक और ट्रैक्टर चालक पर कुछ लोगों ने अचानक लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के बाद जब मंडी थाना पुलिस मौके पर स्थिति संभालने पहुंची तो वहां जमकर हंगामा हुआ। एक महिला हाथ में दरांती लेकर पुलिस के सामने अड़ गई, वहीं दूसरी महिला ने ट्रैक्टर पर चढक़र सरकारी आदेश को मानने से साफ इनकार कर दिया। गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई बड़ी हिंसा नहीं हुई।
खेत मालिक भगवत मेवाड़ा के अनुसार उन्होंने यह जमीन साल 2019 में राजेश, नारायण सिंह और लालचंद से खरीदी थी। इस जमीन पर जुताई को लेकर मामला तहसीलदार कोर्ट में चल रहा था, जहां से उनके पक्ष में जुताई का आदेश जारी हुआ था। सोमवार को जब भगवत मेवाड़ा ट्रैक्टर ड्राइवर बंसीलाल के साथ खेत की जुताई कराने पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद सुनीता, प्रवीण और उनके साथियों ने उन पर हमला बोल दिया। पीडि़तों का आरोप है कि आरोपियों ने उन पर डंडे चलाए और पथराव किया।
पुलिस के सामने अड़ गईं महिलाएं
शुरुआती मारपीट के बाद जब मंडी थाना पुलिस विवाद सुलझाने खेत में पहुंचीए तो माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आरोपी पक्ष की महिलाओं ने पुलिस का खुलकर विरोध किया। एक महिला हाथ में दरांती लेकर पुलिस बल के आगे खड़ी हो गई, जबकि दूसरी महिला ने ट्रैक्टर पर चढक़र नारेबाजी की और सरकारी आदेश का पालन करने से मना कर दिया। खेत में काफी देर तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद पीडि़तों ने पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना से मुलाकात कर मामले की शिकायत दर्ज कराई। भगवत सिंह का कहना है कि ट्रैक्टर मालिक और ड्राइवर का इस पारिवारिक/जमीनी विवाद से कोई लेना-देना नहीं था, फिर भी उन्हें गलत तरीके से इस मामले में घसीटा और फंसाया गया है। पीडि़तों ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हमलावरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



