
सीहोर। जिला मुख्यालय के पास स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान भक्ति का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। कथा के तीसरे दिन देशभर से आए चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिव महापुराण कथा का आनंद लिया। पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि जो भक्त सच्चे मन से भगवान शिव की शरण में आता है, भोलेनाथ उसके सभी दुखों को क्षण भर में दूर कर देते हैं। उन्होंने अच्छे कर्मों का महत्व बताते हुए कहा कि जैसे बीमारियां पीढ़ी दर पीढ़ी चलती हैं, वैसे ही यदि परिवार में कोई भक्ति और सत्संग करता है तो उसका शुभ फल पूरी आने वाली पीढिय़ों को मिलता है। पंडित मिश्रा ने कांवड़ यात्रियों की सेवा करने वाले दानदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि ईश्वर ने उन्हें केवल धन ही नहींए बल्कि सेवा करने वाला बड़ा दिल भी दिया है। वहीं कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा ने कहा कि सच्चे गुरु को शिष्य की संपत्ति या वैभव से कोई मतलब नहीं होता, उनका एकमात्र लक्ष्य शिष्य का कल्याण करना होता है।
11 अगस्त को होगा विश्वव्यापी ऑनलाइन अभिषेक
कथा के दौरान घोषणा की गई कि आगामी 11 अगस्त को सावन महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक बार फिर ऐतिहासिक ऑनलाइन शिव अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु अपने-अपने घरों से जुडक़र एक साथ भगवान शिव का पूजन और अभिषेक करेंगे। लाखों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और विठलेश सेवा समिति के हजारों सेवादार श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संभालने में दिन-रात जुटे हुए हैं।