
सीहोर। भारतीय जनता पार्टी सीहोर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का भव्य आयोजन क्रिसेंट ग्रीन गार्डन में किया गया। इस महाअभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदर्शनी का फीता काटकर और उसका बारीकी से अवलोकन कर किया। इसके पश्चात उन्होंने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। उद्घाटन के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा और प्रस्तावना सदन के सामने रखी।
उद्घाटन सत्र में केंद्र सरकार की योजनाएं विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही दुनिया का एकमात्र ऐसा राजनैतिक संगठन है, जहां कार्यकर्ता राजनीति को पेशा नहीं बल्कि विशुद्ध रूप से सेवा के रूप में करता है। उन्होंने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना इसी उद्देश्य से की थी कि देश में उच्च चारित्रिक और राष्ट्रभक्त कार्यकर्ताओं का निर्माण हो सके, क्योंकि उस समय की कांग्रेस पाश्चात्य संस्कृति की वाहक बनी हुई थी।
कार्यकर्ताओं को दिया स्वामी विवेकानंद का मंत्र, गिनाए चार गुण
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चलने की सीख देते हुए कहा कि एक आदर्श कार्यकर्ता का व्यक्तित्व हमेशा मृदुभाषी और अहंकार से पूरी तरह मुक्त होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जमीनी कार्यप्रणाली का मूलमंत्र देते हुए कहा कि सच्चे कार्यकर्ता के पांव में चक्कर, मुंह में शक्कर, सीने में आग और सिर पर बर्फ होनी चाहिए। यानी वह लगातार प्रवास करे, हमेशा मीठा बोले, संगठन के काम के लिए भीतर तढ़प हो और विपरीत परिस्थितियों में भी दिमाग शांत रहे।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य सीहोर जिले को एक आदर्श जिला बनाना है। आज मंच पर संगठन के पदाधिकारियों के साथ जिले के तीनों सांसद और चारों विधायक मौजूद हैं। हम सभी को यह संकल्प लेकर जाना है कि हमारी बूथ समितियां केवल कागजों तक सीमित न रहेंए बल्कि उनमें सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिले। प्रत्येक मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी अनिवार्य रूप से बूथ स्तर तक जाकर प्रवास करें और केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
सात अलग-अलग सत्रों में हुआ वैचारिक मंथन
यह प्रशिक्षण वर्ग कुल सात महत्वपूर्ण सत्रों में संपन्न हुआ, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
दूसरा सत्र (इतिहास और विकास): भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह ने जनसंघ से लेकर भाजपा के गठन तक के सफर की जानकारी दी। अध्यक्षता आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर ने की।
तीसरा सत्र (प्रदेश सरकार की उपलब्धियां): जिला प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने एकात्म मानववाद पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दर्शन समाज और अर्थव्यवस्था में संतुलन बनाता है। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा ने की।
चौथा सत्र (कार्यकर्ता विकास एवं दायित्व बोध): भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी ने संबोधित किया। अध्यक्षता बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने की।
पांचवां सत्र (बूथ प्रबंधन व मन की बात): बेरसिया विधायक विष्णु खत्री ने जमीनी प्रबंधन के गुर सिखाए। अध्यक्षता राजेंद्र सिंह ने की।
छठवां सत्र (विचार परिवार): भाजपा कार्यसमिति सदस्य राजेश तिवारी ने मार्गदर्शन दिया। अध्यक्षता दामोदर राय ने की।
सातवां सत्र (राजनीतिक व सामाजिक चुनौतियां): अंतिम सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने देश के सामने मौजूद वर्तमान चुनौतियों पर विस्तृत बात रखी।
दिग्गज नेताओं और पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
इस जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, जिला प्रभारी विकास विरानी, सीहोर विधायक सुदेश राय, प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी दिलबर यादव, नपाध्यक्ष प्रिंस, नपाध्यक्ष हेमकुंवर मेवाड़ा सहित भाजपा के सभी जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और प्रकोष्ठों के जिला संयोजक व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।