
सीहोर। सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि में निर्धारित लक्ष्य से अधिक राशि एकत्रित करने पर जिले को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। इस अनुकरणीय कार्य के लिए राज्यपाल मंगूभाई पटेल की ओर से जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजीव खत्री ने कलेक्टर बालागुरू केण् को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जिले ने इस निधि में कुल 6 लाख 34 हजार रुपये की राशि जमा की है।
इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने इस सफलता का श्रेय जिले की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सीहोर जिले के नागरिकों की राष्ट्र के प्रति निष्ठा का सीधा प्रमाण है। यह सम्मान हमारे पूर्व सैनिकों, वीर नारियों शहीद वीरांगनाओं और उनके आश्रितों के कल्याण के प्रति जिले की संवेदनशीलता, तत्परता और निरंतर सहयोग का एक उत्कृष्ट प्रतीक है।
कहां होता है इस राशि का उपयोग
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने बताया कि देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के समय नागरिकों को बचाने में सेना का बहुत बड़ा योगदान रहता है। कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों के प्रति पूरा देश कृतज्ञ है। झंडा दिवस निधि से एकत्रित इस राशि का उपयोग शहीद सैनिकों की विधवाओं, दिव्यांग हुए सैनिकों और अन्य भूतपूर्व सैनिकों के पुनर्वास व कल्याण के लिए किया जाता है। इससे सैनिकों में यह विश्वास मजबूत होता है कि पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है।
जिला प्रशासन ने जताया आभार
सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि में बढ़-चढक़र योगदान देने और लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए कलेक्टर एवं जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा आभार व्यक्त किया गया है। उन्होंने जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक व व्यापारिक संस्थाओं तथा शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति हृदय से कृतज्ञता प्रकट की है, जिनके सामूहिक प्रयासों से सीहोर जिले को यह गौरव प्राप्त हुआ है। इस सम्मान अवसर पर जिला संयोजक हरि नारायण वर्मा, पूर्व संयोजक सर कुलकर्णी एवं अध्यक्ष हुकुम सिंह सहित जिला प्रशासन और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।