Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीवन नदी का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी, विधायक सुदेश राय ने सफाई अभियान के लिए दिए 51 हजार रुपए

सीहोर। शहर की जीवनदायिनी सीवन नदी के अस्तित्व को बचाने और उसे स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ विधायक सुदेश राय आगे आए हैं। प्राकृतिक जल संसाधनों के संरक्षण के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए विधायक राय ने नदी के शुद्धिकरण में जुटे ‘सीवन पुत्रों’ की टोली को 51 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की है।
रविवार को विधायक सुदेश राय कस्बा स्थित हनुमान फाटक मंदिर के पास सीवन नदी घाट पहुंचे। यहां उन्होंने सफाई अभियान के प्रमुख प्रदीप चावड़ा और उनकी टीम से मुलाकात कर सहायता राशि का चेक सौंपा। विधायक ने आश्वासन दिया कि नदी को पुनर्जीवित करने के इस पवित्र अभियान में संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले भी राय परिवार द्वारा नदी के गहरीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए लाखों रुपए की मदद दी जा चुकी है।
सीवेज रोकने और सौंदर्यीकरण की योजना तैयार
इस अवसर पर विधायक राय ने कहा कि सीवन नदी वर्षों से मानवीय लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता का शिकार रही है। उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि जल्द ही नदी में गिरने वाले शहर के गंदे नालों और सीवेज सिस्टम को पूरी तरह बंद करने की योजना पर काम शुरू होगा। नदी के प्रमुख घाटों और धार्मिक स्थलों के कायाकल्प के लिए करोड़ों रुपए की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। बैगन घाट, हाथी घाट, बजरंग अखाड़ा और रामघाट जैसे प्रमुख तटों को अतिक्रमण मुक्त कर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
जलकुंभी का होगा स्थाई खात्मा
नदी में बार-बार फैलने वाली जलकुंभी को लेकर विधायक ने कहा कि नगर पालिका के माध्यम से एक विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे जलकुंभी को समूल नष्ट किया जा सके। उन्होंने सीवन योद्धाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से आज नदी का पानी साफ नजर आने लगा है।
सहयोग की अपील
अभियान प्रमुख प्रदीप चावड़ा ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस राशि का उपयोग नदी की तलहटी से कीचड़, मलबा और जलकुंभी हटाने में लगे श्रमिकों के लिए किया जाएगा। उन्होंने शहर के व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से इस महाअभियान में आर्थिक और श्रमदान के माध्यम से जुडऩे की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button