क्रिसेंट गरबा महोत्सव, 3500 बालिकाएं प्रस्तुत करेंगी मनमोहक गरबा, प्रतिभागियों को मिलेंगे 101 आकर्षक पुरस्कार
मैदान पर हुई सामूहिक प्रशिक्षण की फाइनल रिहर्सल, समापन अवसर पर शामिल होंगी प्रसिद्ध अभिनेत्री रश्मि देसाई

सीहोर। अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच के तत्वाधान में 14 अक्टूबर से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशाल क्रिसेंट गरबा महोत्सव की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को भोपाल नाका स्थित आवासीय खेलकूद मैदान पर गरबा प्रशिक्षण ले रही साढ़े तीन हजार बालिकाओं ने एक साथ सामूहिक गरबा की फाइनल रिहर्सल की।

यह तीन दिवसीय गरबा महोत्सव बुधवार 14 अक्टूबर से शुरू होकर 16 अक्टूबर तक चलेगा। इस महोत्सव में शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की लगभग 3500 बालिकाएं अपनी पारंपरिक और मनमोहक प्रस्तुतियों से माता रानी की भक्ति का रंग जमाएंगी।
कूपन के जरिए दिए जाएंगे 101 आकर्षक पुरस्कार
आयोजन से जुड़ी समाजसेविका एवं संयोजक अरुणा राय ने बताया कि पिछले 20 दिनों से आवासीय खेलकूद मल्टीपरपज हॉल में बालिकाओं को नि:शुल्क गरबा प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इस महोत्सव में भाग ले रही प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच द्वारा 101 आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कारों के रूप में कूपन प्रणाली के माध्यम से बाइक, साइकिल, फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन और कूलर सहित कई उपयोगी सामग्री वितरित की जाएगी।

सेलिब्रिटी रश्मि देसाई करेंगी बालिकाओं का उत्साहवर्धन
विधायक सुदेश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 अक्टूबर को कार्यक्रम के समापन और फाइनल राउंड के अवसर पर प्रसिद्ध टेलीविजन और फिल्म अभिनेत्री रश्मि देसाई विशेष रूप से शामिल होंगी। वे बालिकाओं के साथ सामूहिक गरबा नृत्य में हिस्सा लेंगी और उनका उत्साहवर्धन करेंगी।
विशिष्ट हस्तियों का हुआ सम्मान
20 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान विश्व विख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, सीहोर की समाजसेवी संस्थाओं, पार्षदों, पत्रकारों, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी की बहनों, संडे का सुकून एवं गुरु का लंगर टीम सहित कई गणमान्य नागरिकों व मातृशक्ति का शॉल-श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
मैदान पर भव्य व्यवस्थाएं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए मैदान पर आकर्षक सजावट, शानदार साउंड सिस्टम और जगमगाती लाइटिंग की गई है। दर्शकों के बैठने के लिए विशाल पंडाल और वीआईपी गैलरी बनाई गई है। पूरे कार्यक्रम का आयोजन पारंपरिक और पारिवारिक माहौल में हो, इसके लिए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।



