News

तारीख पे तारीख… सांदीपनी स्कूल रेहटी की भी यही स्थिति, अब मिला अल्टीमेटम

- स्कूल का नाम बदल गया, लेकिन ठेकेदार ने अपने काम की स्पीड नहीं बदली, अब 30 जून 2026 अंतिम डेडलाइन

सीहोर। तारीख पे तारीख… तारीख पे तारीख… फिल्म दामिनी का यह डायलॉग इस समय रेहटी स्थित निर्माणाधीन शासकीय सांदीपनी स्कूल पर फिट बैठ रहा है। नवंबर-2022 में स्कूल भवन के लिए भूमिपूजन किया गया। उस समय दो साल की डेडलाइन तय की गई थी। 2024 में स्कूल को शिक्षा विभाग के हैंडओव्हर करना था, लेकिन इन सालों में सीएम राईज स्कूल से नाम बदलकर शासकीय सांदीपनी विद्यालय हो गया। इसके बाद भी ठेकेदार ने अपने काम की स्पीड नहीं बदली। अब निर्माण कर रही एजेंसी वीवीएलसी इंफ्रा को अंतिम डेडलाइन 30 जून की दी है। इस तारीख तक स्कूल का निर्माण कार्य पूरा करना है। हालांकि अब भी स्कूल में कई काम बाकी है। ऐसे में इस बार भी ठेकेदार से नई तारीख मिलना तय माना जा रहा है।
सीहोर जिले के रेहटी में शासकीय सांदीपनी स्कूल का निर्माण कार्य चल रहा है। करीब 24 करोड़ रूपए से भवन का निर्माण हो रहा है। स्कूल निर्माण की मुख्य एजेंसी भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) है, लेकिन बीडीए ने पेटी कांटेक्ट वीवीएलसी इंफ्रा गुना को दिया है। वीवीएलसी इंफ्रा ने रेहटी के अलावा शाहगंज में भी भवन निर्माण किया है। शाहगंज स्थित शासकीय सांदीपनी विद्यालय का लोकार्पण भी हो चुका है, लेकिन रेहटी में काम की रफ्तार बेहद धीमी है। काम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में इस बार भी तय डेडलाइन तक काम होना बेहद मुश्किल है।
ऐसे मिलती रही तारीख पे तारीख…-
वीवीएलसी इंफ्रा ने स्कूल भवन निर्माण कार्य शुरू से ही बेहद लापरवाही एवं धीमी रफ्तार से किया। इसके पीछे कारण भी बार-बार बदली गई ड्राईंग को बताया गया। ड्राईंग में बदलाव जरूर हुआ, लेकिन इतना भी नहीं हुआ कि इससे काम इतनी देरी से हो। स्कूल भवन निर्माण की डेडलाइन 2024 थी, लेकिन इसके बाद इसे बार-बार बढ़ाया जाता रहा। हालांकि इस दौरान एजेंसी एवं ठेकेदार को भी अल्टीमेटम दिया गया। इसके बाद डेडलाइन 31 मार्च 2026 की गई, लेकिन इस डेडलाइन पर भी काम पूरा नहीं हुआ तो अब अंतिम डेडलाइन 30 जून की गई है। इस डेडलाइन तक हर हाल में ठेकेदार को स्कूल भवन निर्माण कार्य पूरा करना ही होगा। इस बार कलेक्टर बालागुरू के. ने भी नाराजगी जताई है।
इनका कहना है-
रेहटी में शासकीय सांदीपनी विद्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है। अभी कुछ कार्य बाकी है उसके लिए ठेकेदार को कहा गया है कि वे जल्दी से उसे पूरा करें।
– संजय सिंह तोमर, जिला शिक्षा अधिकारी, सीहोर
स्कूल निर्माण कार्य चल रहा है। स्कूल भवन में अभी कुछ कार्य बाकी है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य का निरीक्षण भी लगातार किया जा रहा है। इस बार उम्मीद है कि नए सेशन तक स्कूल हैंडओव्हर हो जाएगा।
महेश कुमार, प्रभारी प्राचार्य, शासकीय सांदीपनी विद्यालय, रेहटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button