
सीहोर। भेरूंदा थाना पुलिस ने क्षेत्र में जुए और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राला क्षेत्र में दबिश देकर ताश के पत्तों पर हार जीत का दांव लगा रहे 5 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 79510 की नगद राशि और ताश की गड्डी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना भेरूंदा को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि राला गांव में आशीर्वाद ढाबे के पास बनी एक गुमटी में कुछ लोग बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल योजना बनाकर मुखबिर के बताए स्थान पर अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन घेराबंदी कर पुलिस ने जुआ खेल रहे पांचों आरोपियों को धर दबोचा।
मौके से 79510 नगद बरामद
पुलिस ने जब फड़ और आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से 79 हजार 510 रुपये नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। पुलिस ने नगदी और ताश के पत्तों को जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कमल पिता रमेश लोहार उम्र 32 वर्ष निवासी अकावलिया, आशीष पिता सुरेश यादव उम्र 24 वर्ष निवासी राला, अर्जुन पिता रामस्वरूप पंवार उम्र 40 वर्ष निवासी राला, प्रद्युम्न पिता उमेश यादव उम्र 26 वर्ष निवासी राला और मंगल सिंह पिता तक्कु सिंह लोहार उम्र 25 वर्ष निवासी अकावलिया शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआं एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।