इछावर-भैरूंदा को मिली सड़कों की सौगात, 36 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों का हुआ भूमि पूजन

- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, ग्रामीण पंचायत एवं विकास मंत्री प्रहलाद पटेल हुए कार्यक्रम में शामिल

सीहोर। इछावर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने 36 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों का भूमि पूजन किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के 41 गांवों की 19 हजार से अधिक आबादी को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी तथा व्यापार-व्यवसाय एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इछावर और भैरूंदा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इछावर विकासखंड के ग्राम बोरदी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 36 सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन सड़कों से क्षेत्र के 36 गांवों की 41 बसाहटें मुख्य मार्गों से जुड़ेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ने के साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सभी सड़कों का निर्माण एक वर्ष में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय सीमा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर सड़क कनेक्टिविटी आवश्यक है। शेष पात्र सड़कों को भी योजना में शामिल कराने के प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी गांव बेहतर आवागमन की सुविधा से वंचित न रहे।
इछावर में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र –
केंद्रीय कृषि मंत्री ने इछावर क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके लिए भाऊखेड़ी के पास 50 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। कृषि विज्ञान केंद्र में फल, फूल, सब्जी और अनाज सहित विभिन्न फसलों पर वैज्ञानिक प्रयोग एवं अनुसंधान किया जाएगा तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के प्रयास किए जाएंगे।
जनता की सेवा ही मेरी जिम्मेदारी –
भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे स्वयं को मंत्री नहीं, बल्कि जनता का सेवक मानते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने भैरूंदा स्थित मामा कोचिंग पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा भविष्य की तैयारियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने भैरूंदा में सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण भी किया।
नशामुक्ति और महिला सम्मान का दिया संदेश-
केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से गांवों को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे से परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों से यह काम छोड़कर वैकल्पिक रोजगार अपनाने की अपील की और ऐसे लोगों को अन्य रोजगार से जोड़ने के प्रयास की बात कही। महिला सम्मान पर उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों के साथ अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए और समाज को भी ऐसे अपराधों के खिलाफ संवेदनशील एवं सजग रहना होगा। श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस वर्ष गरीब परिवारों के लिए 8 लाख पक्के मकान बनाए जाएंगे।
आवागमन सुगम होगा, स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा-
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि इछावर विधानसभा क्षेत्र में 36 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों का भूमि पूजन हो रहा है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के 41 गांवों की 19 हजार से अधिक आबादी को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी तथा स्थानीय व्यापार-व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा। राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ सीहोर जिले में भी तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सड़कें अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसी भी व्यक्ति को कहीं जाना हो तो उसे सड़क के माध्यम से ही आवागमन करना पड़ता है। प्रदेश में बीते कुछ वर्षों में गांव-गांव तक सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी गांव सड़क से अछूता न रहे और सभी गांवों को बेहतर आवागमन की सुविधा से जोड़ा जाए।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र मेवाड़ा की गृहनगर में ही हो रही उपेक्षा-
जिला भाजपा का अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आ रहा है। सरकारी कार्यक्रमों के आमंत्रण पत्रों और पट्टिकाओं से भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा का नाम न होने को लेकर जिले की राजनीति में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। रविवार 27 सितंबर को इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरदी कलां में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना-4 के तहत स्वीकृत 36 मार्गों के भूमिपूजन कार्यक्रम के शासकीय आमंत्रण पत्र में जिलाध्यक्ष का नाम शामिल नहीं किया गया। इस बड़े कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा और जनपद अध्यक्षों के नाम प्रमुखता से शामिल हैं, लेकिन सत्तारूढ़ दल के जिलाध्यक्ष का नाम गायब होना सियासी गलियारों में सुगबुगाहट बढ़ा रहा है। दरअसल इछावर विधानसभा क्षेत्र उनका गृहनगर भी है, लेकिन वे अपने गृहनगर में ही उपेक्षा के शिकार हो रहे हैं। हालांकि कार्यक्रम में नरेश मेवाड़ा मौजूद रहे। उनके साथ ही सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, इछावर जनपद अध्यक्ष रेखा जगदीश पटेल, सीहोर जनपद अध्यक्ष नावड़ीबाई सूरसिंह बारेला, इछावर नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित एसपी सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, एसडीएम स्वाति मिश्रा, जनपद सीईओ रूशाली पोरस उपस्थित थे।

Exit mobile version