Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीहोर से उज्जैन के लिए महाकाल सेवा संकल्प पदयात्रा का आगाज

सीहोर। क्षेत्र में अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि, खुशहाली और गाय, गांव व गरीब की सेवा के पावन संकल्प को लेकर शहर से लगातार चौथी बार महाकाल सेवा संकल्प पदयात्रा का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में आगाज हुआ। यह सात दिवसीय पदयात्रा शहर के प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर से विशेष पूजा-अर्चना के बाद उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई। पदयात्रा में शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में आस्थावान शिवभक्त शामिल हुए हैं।
शुक्रवार को प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर पर भगवान श्री गणेश की आराधना के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसके बाद पदयात्रा शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों से होकर गुजरी। यात्रा शुगर फैक्ट्री माता मंदिर, त्यागी बाबा आश्रम, पंचमुखी हनुमान मंदिर, कालका मंदिर पान चौराहा, छावनी सब्जी मंडी स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर, चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, पिपलेश्वर महादेव मंदिर, मनकामेश्वर महादेव मंदिर, गंगेश्वर महादेव मंदिर नदी चौराहा और कुबेरेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। सभी मंदिरों में दर्शन पूजन के बाद पदयात्री जताखेड़ा, अमलाहा और कोठरी होते हुए उज्जैन की ओर आगे बढ़े।
शहर में हुआ स्वागत
गणेश मंदिर से यात्रा के प्रस्थान के समय शहर के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने यात्रा के आयोजकों का पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, पंडित मोहितराम पाठक, सुरेश साबू, जितेंद्र तिवारी, सुदीप व्यास, हेमंत दरबार, आयुष सोनी, पवन राठौर, राजू बोयत, अजय पाल, नरेंद्र राजपूत, इरफान लाला, मुनव्वर मामू और अबरार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनकल्याण के लिए है यात्रा
यह यात्रा युवा समाजसेवी आशीष गहलोत और करणी सेना परिवार के जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। आशीष गेहलोत ने बताया कि सात दिवसीय पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य संपूर्ण क्षेत्र में जनकल्याण, खुशहाली, अच्छी बारिश और आगामी नई फसल की उत्तम पैदावार की मंगल कामना करना है। पदयात्रा आगामी दिनों में उज्जैन पहुंचेगी, जहां सीहोर की पवित्र सीवन नदी और पार्वती नदी के लाए गए जल से भगवान महाकाल का भव्य जलाभिषेक किया जाएगा। इस अभिषेक के साथ ही यात्रा का धर्ममय समापन होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button