भैरुंदा-सीहोर मार्ग पर बड़ा हादसा: पलटा सीएनजी गैस से भरा ट्रक, रिसाव के बाद मची अफरा-तफरी

सीहोर। जिला मुख्यालय को जोडऩे वाले भैरुंदा-सीहोर (इछावर) मार्ग पर रविवार दोपहर एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। कोनाझिर टोल प्लाजा के पास सीएनजी गैस से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ पर ही पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसके मुख्य टैंकर से बड़े पैमाने पर जहरीली और ज्वलनशील गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते हाईवे पर गैस के गुबार और उसकी गंध फैलने लगी, जिससे पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया और राहगीरों व ग्रामीणों के बीच भारी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस दुर्घटना में ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुआ हैए जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गेल इंडिया कंपनी का यह सीएनजी टैंकर इछावर से गैस रिफिल कराने के बाद भैरुंदा-सीहोर मार्ग से होते हुए सीहोर की तरफ आ रहा था। टैंकर जैसे ही कोनाझिर टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचा, तभी अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ट्रक चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार टैंकर सडक़ किनारे पलट गया। इस दौरान बाइक सवार युवक भी ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया, जिसे पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
पूरे क्षेत्र को बनाया नो मैन जोन, ट्रैफिक डायवर्ट
टैंकर से लगातार हो रहे खतरनाक गैस रिसाव की गंभीरता और किसी बड़े विस्फोट या आगजनी की आशंका को देखते हुए प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सुनीता रावत, सीएसपी अभिनंदन शर्मा और थाना प्रभारी पंकज वाडेकर भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने सबसे पहले सुरक्षा घेरा तैयार करते हुए घटनास्थल के चारों तरफ के पूरे हिस्से को नो मैन जोन घोषित कर दिया, यानी वहां किसी भी आम नागरिक की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। आम जनता की जान सुरक्षित रखने के लिए भैरुंदा-सीहोर-इछावर मुख्य मार्ग को दोनों तरफ से पूरी तरह बंद कर दिया गया। रास्ता बंद होने से तपती धूप में वाहनों की मील लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए यातायात को भाऊखेड़ी की तरफ से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया।
फायर ब्रिगेड की बौछारें और क्रेन से रेस्क्यू
हादसे की भयावहता को देखते हुए गेल इंडिया की तकनीकी टीम विशेष उपकरणों के साथ मौके पर बुलाई गई। वहीं फायर ब्रिगेड की कई गाडय़िों ने मोर्चा संभालते हुए टैंकर पर लगातार पानी की तेज बौछारें मारना शुरू किया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि हवा में फैल रही सीएनजी गैस का घनत्व कम हो सके और भीषण गर्मी में किसी भी तरह की चिंगारी से होने वाले संभावित हादसे को टाला जा सके।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
तकनीकी टीम और बचाव दल की घंटों की कड़ी और जोखिमभरी मशक्कत के बाद आखिरकार गैस के रिसाव पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। सीएसपी अभिनंदन शर्मा ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Exit mobile version