सिंहस्थ-2028 की तैयारी: पुलिस बल का 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू

सीहोर। आगामी सिंहस्थ महाकुंभ-2028 के सफल, सुचारू और सुरक्षित आयोजन को लेकर मध्य प्रदेश शासन और पुलिस प्रशासन ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एक जून से सीहोर जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कोर्स का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सिंहस्थ जैसे वैश्विक और अति-संवेदनशील आयोजन में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को तकनीकी और व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन सीहोर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने दीप प्रज्वलित कर सत्र की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण में मौजूद समस्त पुलिसकर्मियों को सिंहस्थ ड्यूटी के महत्व, उसकी संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों के संबंध में विस्तार से समझाइश दी।
एसपी श्रीमती सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि सिंहस्थ में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में पुलिस का व्यवहार और उनकी सजगता राज्य की छवि तय करती है। उन्होंने कर्मचारियों का मार्गदर्शन करते हुए पूरी निष्ठा और तत्परता से प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। इस विशेष अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव और उप-निरीक्षक राहुल श्रीवास्तव सहित पहले बैच के सभी 45 पुलिस कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शत-प्रतिशत पुलिस बल को ट्रेंड करने का है लक्ष्य
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में आयोजित हो रहे इस कोर्स का मुख्य लक्ष्य जिले की पूरी पुलिस इकाई में पदस्थ शत प्रतिशत 100 प्रतिशत बल को प्रशिक्षित करना है। सिंहस्थ के दौरान कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, आपातकालीन सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ सबसे महत्वपूर्ण भीड़ प्रबंधन के लिए जवानों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है।
हर हफ्ते नए बैच को दिया जाएगा प्रशिक्षण
पुलिस के मुताबिक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल एक बैच तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार किए गए विशेष कैलेंडर के अनुसार आगामी समय में यह ट्रेनिंग हर सप्ताह अलग-अलग बैच के रूप में निरंतर संचालित की जाएगी, ताकि जिले का हर एक छोटा-बड़ा पुलिस अधिकारी और जवान इस महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरी तरह से मुस्तैद हो सके।

Exit mobile version