सीहोर में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने को लेकर प्रदर्शन, रेहटी में पुलिस पर अभद्रता के आरोप

सीहोर। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आगामी 1 दिसंबर को सीहोर जिला मुख्यालय पर प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने की मांग को शासन के समक्ष मजबूती से उठाना है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में प्रदेशभर के श्रमजीवी पत्रकार शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इधर रेहटी में पत्रकार मुकेश मेहता के साथ थाना प्रभारी द्वारा अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पत्रकार मुकेश कुमार मेहता ने थाना प्रभारी पर धक्का एवं धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर पत्रकार ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मप्र मानव अधिकार आयोग भोपाल, आयुक्त जनसंपर्क संचालनालय भोपाल, पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक मध्यप्रदेश पुलिस ग्रामीण भोपाल, पुलिस अधीक्षक जिला सीहोर तथा एसडीओपी बुधनी को आवेदन भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष ने की प्रदर्शन में शामिल होने की अपील-
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला इकाई सीहोर के जिला अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने आंदोलन का समर्थन करते हुए जिले के समस्त पत्रकार साथियों से दोपहर 12 बजे कलेक्टर कार्यालय सीहोर के सामने अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। जिला अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार विषम परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। इसके बावजूद पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर ठोस कानून की आवश्यकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू होना समय की मांग है। पत्रकारों को निर्भीक और स्वतंत्र होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री के कवरेज के दौरान सामने आई घटना-
पिछले दिनों रेहटी नगर में शासकीय सांदीपनि स्कूल के लोकार्पण का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रेहटी पहुंचे थे। इस दौरान यह घटना सामने आई। पत्रकार मुकेश कुमार मेहता द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, 22 नवंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रेहटी में शासकीय सांदीपनी स्कूल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। मेहता पत्रकार साथियों के साथ कार्यक्रम की कवरेज कर रहे थे। इसी दौरान थाना प्रभारी ने कथित तौर पर पीछे से कमर में हाथ डालकर एक तरफ खींचा और धक्का देकर दूर कर दिया। मेहता का आरोप है कि जब उन्होंने स्वयं को पत्रकार बताते हुए कार्यक्रम की कवरेज करने की बात कही, तो थाना प्रभारी ने उन्हें धमकी दी। इस संबंध में जिला सीहोर के एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे को भी मौखिक शिकायत किए जाने की बात कही गई है। पत्रकार का आरोप है कि समाचारों से नाराजगी के चलते उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाया जा सकता है या किसी अन्य तरीके से प्रताड़ित किया जा सकता है। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग सहित संबंधित अधिकारियों को भेजे गए आवेदन में घटना की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने, कार्यक्रम स्थल के सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो सुरक्षित रखने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कराने तथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आरोप प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसके साथ ही पत्रकार ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा किसी भी प्रकार की प्रताड़ना या दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई से बचाने की मांग भी की है। पत्रकार मुकेश मेहता का कहना है कि मामला केवल व्यक्तिगत अपमान का नहीं, बल्कि पत्रकार की गरिमा, सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकार से जुड़ा है। अब शिकायत पर संबंधित अधिकारियों की जांच और कार्रवाई को लेकर नजर रहेगी। इधर इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि अभद्रता एवं धक्का-मुक्की जैसी कोई घटना नहीं हुई है। केंद्रीय कृषि मंत्री को जेड प्लस सुरक्षा प्रदान है, इसलिए उनकी सुरक्षा में कोई चूक नहीं कर सकते।


