Newsआष्टाइछावरइंदौरग्वालियरजबलपुरजावरनसरुल्लागंजबुदनीभोपालमध्य प्रदेशरेहटीविशेषसीहोर

Sehore News : जिलेभर में धूमधाम से मनाई गई भगवान श्रीपरशुराम जयंती, हुआ पूजन, निकली शोभायात्रा

सीहोर में सर्व ब्राह्मण समाज ने धर्मशाला में की पूजा-अर्चना, रेहटी में सुबह पूजा-पाठ, शाम को निकाली भव्य शोभायात्रा, भैरूंदा में भी हुआ आयोजन

सीहोर। भगवान श्री परशुराम जी की जयंती के अवसर पर सीहोर जिलेभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सीहोर के खजांची लाइन स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में विप्र समाज के आराध्य भगवान श्री परशुराम का जन्मोत्सव आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। अब 12 मई को भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जयपुर राजस्थान के प्रसिद्ध आकाश के बैंड-बाजे, नागपुर के ढोल-नगाड़े, आर्केष्ट के अलावा हनुमान जी और भगवान श्रीपरशुराम की झांकी निकाली जाएगी। इधर जिले के भैरूंदा स्थित सर्व ब्राह्मण धर्मशाला में विप्र बंधुओं एवं महिलाओं ने एकत्रित होकर भगवान श्रीपरशुरामजी की पूजा-अर्चना के बाद आरती की। जिले के रेहटी में भी सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा गांधी चौक स्थित धर्मशाला पर सुबह के समय पूजा, आरती की गई तो वहीं शाम को नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान पुरूष कुर्ता-पायजामा एवं महिलाएं साड़ी पहनकर शोभा यात्रा में शामिल हुईं।

सीहोर में 12 मई को निकाला जाएगा भव्य चल समारोह-
भगवान परशुराम जयंती पर सुबह आधा दर्जन से अधिक पंडितों और संतों की मौजूदगी में भगवान श्रीपरशुराम का विशेष पूजन और हवन किया गया। पंडितों ने वैदिक मंत्रोंचार के बीच हवन संपन्न कराया। इसके पश्चात समाजजनों द्वारा पूजन और आरती की गई। इससे पहले विप्रजनों की उपस्थिति में सुबह भगवान का पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया था। इस दौरान समाज के लोगों ने समाज व संगठन को मजबूत करने का संकल्प भी लिया। हवन पूजन में समाज के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा, चल समारोह अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, महिला मंडल की अध्यक्ष नीलम शर्मा, युवा समाज के अध्यक्ष नयन जोशी आदि ने भगवान श्रीपरशुराम की पूजा-अर्चना की। मान्यता है कि प्रभु की आराधना करने से जातक को जीवन में शुभ फल की प्राप्ति होती है। समाज के मीडिया प्रभारी प्रियांश दीक्षित मामा ने बताया कि अब 12 मई को नगर में भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। इस साल चल समारोह के अध्यक्ष का दायित्व पंडित आशुतोष शर्मा मौनी को सौंपा गया है। विगत वर्ष प्रवीण तिवारी के नेतृत्व में चल समारोह भव्य रूप से निकाला गया था। इसको लेकर समाजजनों ने घर-घर पहुंचकर आमंत्रण पत्र वितरण किए हैं। चल समारोह रविवार की शाम पांच बजे शहर के खजांची लाइन स्थित सर्व ब्राह्मण समाज की धर्मशाला से निकाला जाएगा, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाल विहार मैदान पर पहुंचेगा और उसके पश्चात यहां पर करीब आठ हजार से अधिक विप्रजनों के लिए भोजन प्रसादी का इंतजाम किया गया है।

रेहटी में निकली भव्य शोभा यात्रा, हुआ जगह-जगह स्वागत-सत्कार

जिले के रेहटी नगर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सुबह के समय नगर की ब्राह्मण समाज धर्मशाला गांधी चौक पर भगवान परशुराम की पूजा, अर्चना हुई तो वहीं शाम 4 बजे से नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया। सर्व ब्राह्मण समाज रेहटी के मीडिया प्रभारी कमलेश्वरदास वैष्णव ने बताया कि भगवान श्री परशुराम जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सर्व ब्राह्मण समाज रेहटी के अध्यक्ष विनय पालीवाल सहित सभी पदाधिकारियों एवं विप्रजनों की उपस्थिति में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके लिए नगर सहित तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विप्र बंधुओं को आमंत्रण दिया गया था। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित हुए। भव्य शोभायात्रा की शुरूआत सर्व ब्राह्मण समाज धर्मशाला गांधी चौक रेहटी से हुई। इस दौरान शोभा यात्रा हनुमान चौक, श्रीराम मंदिर, पुराने बस स्टैंड, कृषि उपज मंडी से होते हुए श्रीकृष्णा वाटिका पर पहुंची। यहां पर आरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। शोभा यात्रा का नगर में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा मंच बनाकर स्वागत, सत्कार किया गया एवं फूलों की बारिश भी की गई। इस दौरान बग्गी पर भगवान श्री परशुरामजी को विराजमान किया गया। समाज के वरिष्ठजन भी बग्गी पर सवार होकर निकले। आगे-आगे बैंड, ढोल-नगाड़े बज रहे थे तो वहीं पीछे-पीछे विप्रजन, महिलाएं, युवा चल रहे थे। इस दौरान पुरूष कुर्ता-पायजामा एवं महिलाएं साड़ी पहनकर शोभायात्रा में शामिल हुईं।

भैरूंदा में भी मनाई गई श्री परशुराम जयंती
भैरूंदा नगर में भी सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान श्री परशुराम जयंती का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस दौरान नगर स्थित सर्व ब्राह्मण समाज धर्मशाला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जयंती के अवसर पर सुबह भगवान श्रीपरशुरामजी की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद आरती हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में विप्र बंधु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान श्रीपरशुराम जयंती के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा भी निकाली जाती है। इस वर्ष भी आगामी दिनों यह शोभा यात्रा निकाली जाएगी। दरअसल भगवान श्री परशुराम जयंती अक्षय तृतीया के दिन मनाई जाती हैै। इस दिन बड़ी संख्या में शादियां होती हैं, इसके लिए इस दिन ब्राह्मण समाज द्वारा शोभा यात्रा नहीं निकाली जाती है। आगामी दिनों में भैरूंदा में भी शोभा यात्रा निकालने की तैयारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button