Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीवेज ठेकेदार की लापरवाही, तोड़ी पानी की पाइपलाइन, चार दिनों से गहराया जलसंकट

सीहोर। नगर पालिका सीहोर के मंडी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले वार्डों में सीवेज लाइन बिछाने का काम स्थानीय रहवासियों के लिए आफत का सबब बन गया है। सीवेज निर्माण कंपनी के ठेकेदार द्वारा बरती जा रही मनमानी और गंभीर लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। इंदिरा कॉलोनी में खुदाई के दौरान पानी की मुख्य पाइपलाइन तोड़ दिए जाने से बीते चार दिनों से पूरे फ्रीगंज क्षेत्र में जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। बारिश के इस मौसम में भी लोग पीने के पानी के लिए कुओं, हैंडपंपों और निजी बोरवेल के भरोसे रहने को मजबूर हैं।
बता दें मंडी क्षेत्र के कई वार्डों में पिछले कई महीनों से सीवेज लाइन डालने का काम चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार बिना किसी पूर्व सूचना या प्लानिंग के किसी भी सडक़ को खोदकर छोड़ देता है। पाइपलाइन बिछाने के बाद सडक़ों की ठीक से मरम्मत नहीं की जा रही है, जिसके चलते जगह-जगह गहरे और जानलेवा गड्ढे हो गए हैं। इन टूटी सडक़ों पर आए दिन वाहन चालक और राहगीर हादसों का शिकार हो रहे हैं।
जलसंकट से जूझ रहे रहवासी
सीवेज कंपनी की बेतरतीब खुदाई से अक्सर पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि लाइन टूटने के बाद भी ठेकेदार कई-कई दिनों तक उसकी मरम्मत नहीं कराता। इससे एक तरफ जहां हजारों लीटर साफ पानी नालियों में बहकर बर्बाद होता है, वहीं दूसरी तरफ पूरे इलाके में जलसंकट खड़ा हो जाता है। फ्रीगंज निवासी राजू सूर्यवंशी ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि पिछले चार दिनों से उनके इलाके में नल नहीं आए हैं। लोगों को महंगे दामों पर टैंकर बुलवाकर काम चलाना पड़ रहा है, लेकिन नागरिकों की शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है।
सडक़ों पर फैला कीचड़ और गंदगी
सीवेज की बेतरतीब खुदाई और बारिश के मेल ने क्षेत्र की स्थिति नारकीय बना दी है। टूटी सडक़ों और खुदी मिट्टी के कारण चारों तरफ कीचड़ और गंदगी का साम्राज्य स्थापित हो गया है। सडक़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से नगर पालिका की सफाई व्यवस्था भी ठप पड़ गई है। फ्रीगंज निवासी विमला बाई ने बताया कि घर के ठीक सामने कीचड़ और गंदगी पसरी है, जिससे बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है।
अधिकारियों की अनदेखी से बढ़ी मुसीबत
क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि सीवेज ठेकेदार की इस मनमानी पर नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह मौन है। नपा के जिम्मेदार इंजीनियर्स कभी भी मौके पर जाकर स्थल निरीक्षण या काम की गुणवत्ता जांचने की जहमत नहीं उठाते। अधिकारियों की इसी अनदेखी के चलते ठेकेदार बेखौफ होकर काम में लापरवाही बरत रहा है।
इनका कहना है
मामले को लेकर जब नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का सुधार कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही क्षेत्र में जलापूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button