
सीहोर। जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना सोमवार को बुधनी अनुभाग के विस्तृत भ्रमण और निरीक्षण पर रहीं। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और थानों की कार्यप्रणाली को सुधारने के उद्देश्य से रेहटीए बुधनी और शाहगंज थानों सहित एसडीओपी कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने धार्मिक स्थलों और नर्मदा घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और संबंधित अधिकारियों को मुस्तैद रहने के कड़े निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने धार्मिक स्थल सलकनपुर मंदिर सहित नर्मदा नदी के प्रमुख घाटों आवली घाट, बुधनी घाट और बांद्राभान घाट का दौरा किया। यहां उन्होंने श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को परखते हुए भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घाट क्षेत्रों में डूबने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एसपी ने लाइफ जैकेट और गोताखोरों जैसे आवश्यक संसाधनों व सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की।
रेहटी और बुधनी थानों का रिकॉर्ड खंगाला
निरीक्षण के दौरान एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने थाना रेहटी, थाना बुधनी, थाना शाहगंज और एसडीओपी कार्यालय बुधनी की व्यवस्थाएं देखीं। थानों में पहुंचकर उन्होंने सीधे वीआईपी और अपराध रजिस्टरों को अपने हाथ में लिया। उन्होंने संधारित अभिलेखों, लंबित प्रकरणों, मालखाने में रखे सामान की सुरक्षा और हवालात की स्थिति का गहन अवलोकन किया।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता
एसपी ने रेहटी और बुधनी के थाना प्रभारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि जितने भी पुराने और लंबित अपराध या शिकायतें हैं, उनका त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने फरार चल रहे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और विशेषकर महिला संबंधी अपराधों में पूरी संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने की बात कही। एसपी ने अधिकारियों से कहा कि वे आमजन से सीधा और बेहतर संवाद स्थापित करें ताकि जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।
स्टाफ से परिचय कर जानीं उनकी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में तैनात सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से एक-एक कर परिचय प्राप्त किया। उन्होंने मैदानी स्तर पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और पेशेवर समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही थानों में जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा भी की।
निरीक्षण के दौरान यह रहे उपस्थित
पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण और भ्रमण के दौरान बुधनी अनुभाग के एसडीओपी रवि शर्मा, रेहटी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे, शाहगंज थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान और बुधनी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप जाट सहित पुलिस बल मुख्य रूप से उपस्थित रहा।