आधी रात को थानों में ‘कप्तानी छापा’ एक्शन मोड में एसपी सोनाक्षी सक्सेना, लापरवाही पर इछावर पुलिस को फटकार

रात 12 से तडक़े 3 बजे तक थानों का निरीक्षण, दोराहा, श्यामपुर और इछावर में मची खलबली

सीहोर। जिले की कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और पुलिसिंग को जमीन पर कसने के लिए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई हैं। गत रात्रि एसपी ने जिले के तीन प्रमुख थानों (दोराहा, श्यामपुर और इछावर) का औचक आकस्मिक निरीक्षण किया। आधी रात के सन्नाटे में जब एसपी की गाड़ी अचानक एक के बाद एक थानों के परिसर में दाखिल हुई तो वहां मौजूद स्टाफ और प्रभारियों में हडक़ंप मच गया। रात 12 बजे से शुरू हुआ निरीक्षण का यह सिलसिला तडक़े 3 बजे तक चला, जिसमें एसपी ने सुरक्षा व्यवस्थाए रात्रि गश्त, फाइलों के रख-रखाव और लंबित मामलों की जमीनी हकीकत को खुद परखा।
रात 12.00 बजे: दोराहा थाने से शुरुआत
एसपी सोनाक्षी सक्सेना का यह कड़ा तेवर रात ठीक 12.00 बजे सबसे पहले दोराहा थाने में देखने को मिला। थाने पहुंचते ही एसपी ने सबसे पहले तकनीकी सुरक्षा को खंगाला। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के सुचारु संचालन की जांच की और सीसीटीएनएस सिस्टम की स्थिति को देखा।
गश्त में मुस्तैदी की हिदायत
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात्रि गश्त में तैनात बल पूरी तरह अलर्ट रहे और क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जाए, जिससे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को पनपने का मौका न मिले। इसके साथ ही उन्होंने पुराने पेंडिंग मामलों को जल्द निपटाने को कहा।
रात 01.30 बजे माइक्रो बीट सिस्टम की क्लास
दोराहा के बाद एसपी का काफिला रात डेढ़ बजे श्यामपुर थाना पहुंचा। यहां उनका मुख्य फोकस अपराधियों पर निगरानी के सिस्टम पर रहा। एसपी ने थाने के माइक्रो बीट सिस्टम प्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्र के जितने भी असामाजिक तत्व और आदतन अपराधी हैं, उनकी गतिविधियों पर हर वक्त पुलिस की नजर होनी चाहिए।
जब्ती माल का निपटारा
उन्होंने थाने के रिकॉर्ड, मालखाने और साफ सफाई का बारीकी से मुआयना किया। एसपी ने लंबित अपराधों और थानों में जमा जब्ती माल का शीघ्र व नियमानुसार निपटारा करने के निर्देश दिए।
तडक़े 03.00 बजे इछावर में भडक़ीं एसपी
निरीक्षण के अंतिम और सबसे कड़े चरण में एसपी श्रीमती सक्सेना तडक़े 3.00 बजे इछावर थाना पहुंचीं। यहां अव्यवस्थाएं देखकर उन्होंने सख्त रुख अपनाया।
लापरवाही पर कड़ा असंतोष
इछावर थाने में फाइलों का रख-रखाव और रिकॉर्ड संधारण बेहद खराब स्थिति में मिला। इस पर एसपी ने गहरी नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई और रिकॉर्ड को तत्काल सुव्यवस्थित करने का अल्टीमेटम दिया।

केस पेंडेंसी पर कड़ा रुख
एसपी ने साफ लहजे में हिदायत दी कि चालानए मर्ग, लंबित अपराध और आम जनता की शिकायतों का निराकरण समय सीमा में होना चाहिए। कोई भी फाइल अनावश्यक रूप से टेबल पर अटकी नहीं रहनी चाहिए।
अपराधियों पर नकेल कसने की चेतावनी
इस मैराथन औचक निरीक्षण के जरिए जिले के कप्तान ने साफ कर दिया है कि पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले गुंडे.बदमाशों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें। इसके साथ ही उन्होंने आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए ई-साक्ष्य एप्लीकेशन के उपयोग और वीसीएनबी टीप को अपडेट रखने पर विशेष जोर दिया। इस औचक कार्रवाई के बाद से जिले के अन्य थानों के स्टाफ में भी मुस्तैदी बढ़ गई है।

Exit mobile version