Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कलेक्टर-एसपी ने बुधनी पहुंचकर संभाली जन विश्वास अभियान की कमान, ग्राम जाजनखेड़ी में लगा शिविरए मौके पर निपटे मामले

सीहोर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्रामीण अंचलों में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शनिवार को आयोजित शिविर में कलेक्टर बालागुरु के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने स्वयं बुधनी तहसील के ग्राम जाजनखेड़ी पहुंचकर अभियान की कमान संभाली।
खजुरिया कलां ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम जाजनखेड़ी में आयोजित विशेष शिविर में कलेक्टर एवं एसपी ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं, शिकायतें और जरूरतें सीधे सुनीं। ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के सख्त निर्देश दिए। जिन समस्याओं का तुरंत समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निराकरण कराया गया।
जानकारी के अभाव में न छूटे कोई पात्र
शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर बालागुरु के. ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक तंत्र को ग्रामीणों के द्वार तक लाना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा वर्तमान समय सूचना और तकनीक का है। सरकार विभिन्न वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, लेकिन कई बार जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित रह जाते हैं। हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी की कमी के कारण योजना के लाभ से न छूटे। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की स्पष्ट व सरल भाषा में जानकारी उपलब्ध कराएं।
एसपी ने किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्हें बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार के साथ ठगी के नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। एसपी ने ग्रामीणों को समझाया कि कभी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता, एटीएम पिन, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
एक ही स्थान पर मिलीं कई विभागों की सेवाएं
शिविर स्थल पर कृषि, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इसके माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काटने से राहत मिली।

निपानिया कलां के स्कूल का किया निरीक्षण
जाजनखेड़ी में शिविर संपन्न कराने के बाद कलेक्टर और एसपी ने ग्राम निपानिया कलां स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परिसर की स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार करने के निर्देश दिए, जबकि एसपी ने छात्रों से संवाद कर सुरक्षा व जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button