मामा बोले, हम निर्दोष हैं, निष्पक्ष जांच कर लापता बहन-जीजा व भांजे को जल्द तलाशें

सीहोर। दोराहा तहसील के ग्राम खाईखेड़ा से एक ही परिवार के तीन सदस्य बहन, जीजा और भांजे के लापता होने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। भांजी किरण दांगी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों से आहत और परेशान दोनों मामा डालचंद दांगी और चंदन दांगी न्याय की गुहार लेकर कलेक्टर कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया और कहा कि उन्हें बदनाम करने व अपहरण के झूठे मामले में फंसाने के लिए यह पूरा षड्यंत्र रचा जा रहा है। मामा डालचंद और चंदन दांगी ने बताया कि वे स्वयं भी अपनी लापता बहन ओमवती बाई, जीजा सुरेश दांगी और भांजे राजेश दांगी को तलाशने में जुटे हुए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि लापता परिजनों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए।
गौरतलब है कि जिला पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के निर्देश पर एसडीओपी प्रेम नारायण गोयल, अहमदपुर थाना प्रभारी बल, पुलिस बल और साइबर सेल की टीम लगातार लापता लोगों की तलाश कर रही है। गुरुवार शाम पुलिस टीम ने खेत पर पहुंचकर भी बारीकी से जांच-पड़ताल की।
दीवार पर खून के दाग का आरोप झूठा
भांजी किरण द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए डालचंद और चंदन ने कहा कि उन्होंने अपनी भांजी को बचपन से पाला है और अपनी मां को भी अपने ही पास रखा है, लेकिन कोई बाहरी व्यक्ति उनकी मां और भांजी को उनके खिलाफ भडक़ा रहा है। भांजी द्वारा दीवार पर खून के दाग होने के आरोप पर दोनों भाइयों ने चुनौती देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन चाहे तो पूरी दीवार खुदवाकर देख ले, हम पूरी तरह निर्दोष हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जाएं और लापता लोगों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि जीजा सुरेश दांगी पहले भी अक्सर आश्रमों और धार्मिक स्थलों पर घूमने-फिरने जाते रहे हैं।
हाईकोर्ट की अवमानना से बचने रची साजिश
कलेक्टर और एसपी को दिए आवेदन में डालचंद और चंदन दांगी ने पूरे विवाद की जड़ पैतृक जमीन को बताया है। उन्होंने जानकारी दी कि ग्राम खाईखेड़ा स्थित पैतृक भूमि का पिता द्वारा तीनों पुत्रों में बराबर बंटवारा किया गया था। आरोप है कि मूल रूप से करोंद भोपाल निवासी जीजा सुरेश कुमार ने मां कृष्णा बाई और बहन ओमवती, कमला, सीमा को बहकाकर जबरन जमीन अपने नाम करा ली। यह मामला पिछले एक वर्ष से न्यायालय में विचाराधीन है। 19 अगस्त 2026 को माननीय उच्च न्यायालय रिट पिटीशन नंबर 33840/2026 ने डालचंद और चंदन के पक्ष में स्थगन आदेश भी जारी किया है। भाइयों का आरोप है कि जीजा सुरेश ने विवादित जमीन को बेचने का अनुबंध कर किसी से बड़ी रकम ले ली है। हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने पर 2 नवंबर को उनके खिलाफ अवमानना का प्रकरण भी पेश किया गया है।
डालचंद ने कहा कि वे पिछले एक साल से कानूनी तरीके से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। हाईकोर्ट की अवमानना की कार्रवाई से बचने और उन पर दबाव बनाकर मकान व जमीन हथियाने के उद्देश्य से जीजा सुरेश कुमार अपनी पत्नी और बेटे के साथ षड्यंत्रपूर्वक कहीं गायब हो गए हैं। दोनों भाइयों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच सबके सामने आ सके।

Exit mobile version