Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सलकनपुर में होगा अगला प्रांतीय अधिवेशन, दतिया के सम्मेलन में उठी पत्रकार सुरक्षा कानून की पुरजोर मांग

सीहोर। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के दतिया में संपन्न हुए प्रांतीय अधिवेशन में सीहोर जिले के लिए बड़ी खबर सामने आई है। संघ के आगामी त्रैमासिक प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन अब सलकनपुर स्थित देवी लोक मां बिजासन के पावन सानिध्य में किया जाएगा।
दतिया में आयोजित मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांतीय अधिवेशन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया सहित प्रदेशभर से सैकड़ों पत्रकार प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सीहोर जिले के जिला अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने आगामी अधिवेशन को लेकर यह महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि जनवरी माह में होने वाला अगला प्रांतीय महाकुंभ सलकनपुर में आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी।
पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बने
अधिवेशन को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी पत्रकारों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर जमीनी हकीकत और सच्ची खबरें जनता तक पहुंचाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए एक प्रभावी कानून और ठोस प्रशासनिक व्यवस्थाएं होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जोरदार वकालत की।
पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी किया समर्थन
कार्यक्रम में शामिल हुए प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी पत्रकार प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग का समर्थन किया और सरकार स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाने पर जोर दिया।
पूरे प्रदेश में होगा आंदोलन का ऐलान
अधिवेशन में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर अब प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शलभ भदौरिया का शाल, श्रीफल और साफा बांधकर भव्य स्वागत किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button