
सीहोर। जीवनदायिनी सीवन नदी के संरक्षण और स्वच्छता अभियान में जुटी सीवन पुत्र टीम एक नई धार्मिक और पर्यावरणीय यात्रा पर निकलने जा रही है। अभियान के सफल 107 दिन पूर्ण होने के पावन अवसर पर यह टीम शुक्रवार को मथुरा और वृंदावन के लिए रवाना होगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य यमुना जी के तट पर दीप प्रज्वलित कर पूरे देश को समस्त नदियों के संरक्षण और उनकी स्वच्छता का संदेश देना है।
यह धार्मिक व पर्यावरण केंद्रित यात्रा पंडित मोहित राम पाठक एवं कथावाचक चेतन उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। यात्रा के मुख्य प्रेरक के रूप में समाजसेवी प्रदीप साबू, डॉ. प्रदीप सिंह चौहान एवं ब्रजेश पाराशर भी टीम के साथ रहेंगे। वृंदावन पहुंचकर यह टीम संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेगी, जिसके बाद श्री हित राधा केली कुंज परिक्रमा मार्ग पर विशेष सत्संग एवं दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही देवरा घाट वृंदावन पर देवराज स्वामी के सानिध्य में एक भव्य दीप महोत्सव का आयोजन भी होगा।
मथुरा के विश्राम घाट पर होगा विधि विधान से पूजन
यात्रा के अगले चरण में टीम मथुरा के विश्राम घाट पहुंचेगी। यहां विद्वान पंडित ओम चतुर्वेदी दादा जी के आचार्यत्व में पूरे विधि विधान और मंत्रोच्चार के साथ यमुना जी का पूजन और दीप प्रज्वलन संपन्न कराया जाएगा। सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने बताया कि दोनों ही पवित्र धार्मिक स्थलों पर सीवन पुत्र टीम देश की नदियों को बचाने का संकल्प दोहराएगी। उन्होंने आगे जानकारी दी कि सीवन नदी की तर्ज पर अब देश की अन्य प्रमुख नदियों के नाम से भी पुत्र और पुत्री बनाए जा रहे हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में नदी संरक्षण और स्वच्छता का जिम्मा संभाल रहे हैं।
यात्रा में शामिल होंगे ये सीवन पुत्र
इस यात्रा में सीवन पुत्र के रूप में राधेश्याम मकवाना, मुकेश राय, कैलाश चव्हाण, लक्ष्मण सिंह चौकसे, विल्सन जैन, संतोष मेवाड़ा और कृष्णा प्रजापति सहित कई सेवाभावी सदस्य रवाना होंगे। यह धार्मिक यात्रा शुक्रवार को रवाना होगी।