
सीहोर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योग की पाठशाला ग्रुप के सदस्यों ने प्रकृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए एक अनूठी और सराहनीय पहल की है। योग साधको ने पारंपरिक रीति-रिवाज से पेड़ों का पूजन कर रक्षा सूत्र बांधा और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। योगाचार्य दिनेश शर्मा ने बताया कि योग हमारी संस्कृति का हिस्सा है यह हमें प्रकृति से जुडऩा सिखाता है। आधुनिक जीवन शैली में लोग संस्कृति, परम्पराओं से और पर्यावरण से दूर होते जा रहे हैं। इसका खामियाजा भी मानव समाज भुगत रहा है, ज्यादा तर लोग आज मानसिक अवसाद से जुगर रहे हैं। इसलिए अब लोगों को योग, ध्यान से जुडऩे की जरूरत है। योग हमें प्रकृति के नजदीक लाता है। ग्रुप के सदस्य कपिल सूर्यवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रुप द्वारा आगामी दिनों वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। इस मुहिम के साथ जुडऩे के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे।
पानी बचाने, स्वच्छता, सेहत को लेकर करेंगे जागरूक
रक्षाबंधन के अवसर पर ग्रुप के सदस्यों ने प्रकृति संरक्षण के साथ ही पानी बचाने, स्वच्छता का संदेश फैलाने और सेहत के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी संकल्प लिया। ग्रुप के सदस्य राजकुमार राठौर ने बताया कि पानी की हर बूंद को अनमोल है, इसे बर्बाद न करना और बचत करना हमारा कर्तव्य है। गु्रप ने अपने आस-पास के परिसर को साफ रखने और सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने का प्रण लिया। कहा कि मानव जीवन ईश्वर का वरदान है, योग, ध्यान, नियमित व्यायाम अपना कर हम बीमारियों को दूर भगा सकते हैं। ग्रुप के सक्रिय सदस्य राजेश गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, भारत चौहान, कपिल सूर्यवंशी, मांगीलाल मालवीय, राजकुमार राठौर, सुभाष शर्मा, बाबूलाल मेवाड़ा, हनुमन्त मेवाड़ा ने योग से जुडऩे की अपील की है।