सीहोर शहर की पॉश कालोनियों में ‘बाघ’ की दस्तक… फोटो वायरल

सीहोर। मंगलवार सुबह से सोशल मीडिया पर एक हिंसक वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर तस्वीरें और मैसेज आग की तरह फैल रहे हैं। इस वायरल संदेश के बाद से शहर के कई इलाकों में नागरिकों के बीच दहशत और सतर्कता का माहौल है। हालांकि प्रशासन और वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, लेकिन नागरिकों से एहतियात बरतने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार बीती सोमवार-मंगलवार की रात हिंसक वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर तीन अलग-अलग स्थानों से सूचनाएं सामने आई थीं। इनमें से एक सूचना की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य दो के संबंध में भी विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक बीती रात करीब डेढ़ बजे शहर की पॉश कालोनी एवन सिटी के पास एक हिंसक वन्यजीव के देखे जाने की बात सामने आई। इसके कुछ ही देर बाद चाणक्यपुरी क्षेत्र में भी इसकी मौजूदगी एक सीसीटीवी फुटेज में कैद होने की जानकारी मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदार अधिकारी भी रातभर जागकर लगातार अपडेट लेते रहे हैं।
वन विभाग की 4 विशेष टीमें कर रही हैं 24 घंटे सर्चिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई है। विभाग द्वारा इलाके में सर्चिंग तेज करने के लिए 4 अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो चौबीस घंटे क्षेत्र में गश्त कर रही हैं और वन्यजीव की तलाश में जुटी हैं। वन कर्मियों द्वारा संभावित ठिकानों और कॉलोनियों के आसपास लगातार कांबिंग की जा रही है ताकि जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट हो सके।
प्रशासन की अपील, सतर्क रहें
सोशल मीडिया पर फोटो और मैसेज वायरल होने के बाद लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और सतर्कता बरतें। जब तक प्रशासन की ओर से स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं कर दी जाती, तब तक सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। अनावश्यक रूप से रात के समय घरों से बाहर न निकलें। बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें और सुबह-शाम आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतें। यदि कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसके पास जाने, उसका पीछा करने या वहां भीड़ इक_ा करने की भूल बिल्कुल न करें। वन्यजीव के दिखने पर तुरंत वन विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना दें।

Exit mobile version