
सीहोर। जिंदगी में सफलता का स्वाद तब और ज्यादा मीठा हो जाता है, जब उसे देखने के लिए अपनों का प्यार और बुजुर्गों का आशीर्वाद साथ हो। ऐसा ही एक बेहद खूबसूरत, भावुक नजारा जिले के जावर में देखने को मिला। मौका था सरस्वती शिशु मंदिर जावर की प्रतिभावान छात्रा बहिन देवश्री ठाकुर के सम्मान समारोह का, जिन्होंने प्रांत स्तरीय संस्कृति महोत्सव की एकल अभिनय प्रतियोगिता में शानदार बाजी मारकर पूरे अंचल का नाम रोशन कर दिया है। अब यह होनहार बिटिया आगे प्रांत स्तर पर अपनी कला का प्रतिनिधित्व करेगी।
सम्मान समारोह में वैसे तो कई गणमान्य लोग मौजूद थे, लेकिन पूरे कार्यक्रम का सबसे खास और दिल को छू लेने वाला पल वह था, जब मंच पर देवश्री को सम्मानित किया जा रहा था और पास ही उनकी दादी और बुआ गर्व से मुस्कुरा रही थीं। पोती की इस बड़ी कामयाबी को अपनी आंखों के सामने देख रही दादी की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने दुलारकर अपनी पोती को गले लगा लिया। एक दादी के लिए इससे बड़ा सुख क्या हो सकता है कि उनकी पोती अपनी मेहनत और संस्कारों के दम पर पूरे प्रदेश में परिवार और नगर का मान बढ़ा रही है।
इन अतिथियों ने दिया आशीर्वाद
इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद शिक्षा समिति के अध्यक्ष बाबूलाल पटेल, उपाध्यक्ष जयनारायण राठौर और सचिव कल्याण सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने देवश्री को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस बिटिया ने अपनी प्रतिभा से जावर नगर और पूरे प्रांत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देवश्री आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम छूएंगी। अपनी लाडली बिटिया की इस सफलता पर गदगद नजर आए छात्रा के पिता जितेंद्र ठाकुर ने विद्यालय परिवार और आचार्यों का आभार जताते हुए कहा सरस्वती शिशु मंदिर सिर्फ पढ़ाई का ही नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी हर कला को निखारने का एक पवित्र केंद्र है। यहां मिलने वाले संस्कारों की बदौलत ही आज मेरी बेटी इस मुकाम पर पहुंची है।