अमित शाह ने यूपी में दंगों और अपराध के मामले को लेकर सपा, बसपा और कांग्रेस को घेरा
![](https://sehorehulchal.com/wp-content/uploads/2022/01/22-30.jpg)
मुजफ्फरनगर
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह यूपी चुनाव के लिए मुजफ्फरनगर के दौरे पर आए हैं, वह यहां घर-घर भाजपा कार्यक्रम के तहत लोगों से संवाद भी बढ़ा रहे हैं। इसी दौरान अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की पूर्व सपा सरकार और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा है। अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के अपराध से जुड़ा आंकड़ा पढ़ा और अखिलेश यादव को चुनौती दी की, वह भी इस तरह का आंकड़ा पढ़कर जनता को बताएं। इससे उन्होंने जनता को मुजफ्फरनगर दंगों की याद दिलाते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सरकार में मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान आरोपियों को ही पीड़ित बना दिया गया।
अमित शाह ने अपने संबोधन के दौरान उत्तर प्रदेश के अपराध का आंकड़ा भी पढ़ा। उन्होंने बताया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अखिलेश सरकार के मुकाबले डकैती के मामलों में 70 प्रतिशत कमी आई है। लूट के मामलों में 69 प्रतिशत, हत्या के मामलों में 30 प्रतिशत, अपहरण 35 प्रतिशत, बलात्कार के मामलों में 30 प्रतिशत से ज्यादा की कमी हुई है। उन्होंने कहा कि मैंने अपने बीजेपी शासन में अपना हिसाब दे दिया।
अमित शाह ने कहा कि अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि आप अपने शासन और बीजेपी शासन के आंकड़े हाथ में लेकर एक प्रेसवार्ता कीजिए। पूरे उत्तर प्रदेश की जनता को पता चला जाए की क्या स्थिति है। आगे उन्होंने कहा कि वह (अखिलेश) नहीं करेंगे। जनता को उन्होंने सझाया कि अगर सपा और बसपा की सरकार बनी तो एक बार फिर माफिया राज आएगा। जातिवाद होगा।
अमित शाह ने पढ़ा कबीर का दोहा
अमित शाह ने अपने संबोधन में कबीर का दोहा भी पढ़ा, कबीर लोहा एक है, गढ़ने में है फेर। ताहि का बख्तर बने, ताहि की शमशेर। उन्होंने आगे इसका मतलब चुनावी परिपेक्ष में कुछ ऐसा समझाया कि उत्तर प्रदेश का आपका वोट माफिया राज भी ला सकता है और माफिया राज से मुक्ति भी दिला सकता है।
अखिलेश और जयंत चौधरी पर तंज
अमित शाह ने कहा कि यूपी में अखिलेश यादव और जयंत चौधरी मतदान की गिनती तक साथ हैं। अगर सपा सरकार बनती है, तो आजम खान सरकार में बैठेंगे और जयंत भाई बाहर हो जाएंगे। सपा आरएलडी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि उनके उम्मीदवारों की सूची बता रही है, चुनाव के बाद क्या होगा।
एक जाति और एक परिवार की बात
शाह ने कहा कि बसपा की सरकार थी तो एक जाति की बात होती थी। कांग्रेस परिवार की बात करती थी। सपा गुंडों और माफियाओं की बात करते थे। अब प्रदेश में सबका साथ और सबका विकास है। उत्तर प्रदेश में हर कोई सुरक्षित है।