
सीहोर। जावर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलपान में जमीन या मवेशी चराने के दौरान भाई के खेत में भैंस जाने के विवाद में भाई और रिश्तेदारों द्वारा की गई भाई की हत्या के मामले में न्यायालय ने आरोपियों को कठोर सजा सुनाई है।
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश महेश कुमार चौहान आष्टा की अदालत ने फैसला देते हुए चारों आरोपी संजू दंगोलिया, देवकरण, भुरू लाल और सिद्ध लाल निवासीगण ग्राम बिलपान तहसील जावर को दोषी करार दिया। अदालत ने सभी आरोपियों को आजीवन कारावास और प्रत्येक पर 3000 के अर्थदंड से दंडित किया है।
क्या था पूरा मामला
अपर लोक अभियोजक दिनेश कुमार सोनी के अनुसार यह खूनी संघर्ष पूरी तरह से पारिवारिक रंजिश और आपसी कहासुनी का परिणाम था। 10 दिसंबर 2024 की शाम करीब 7.30 बजे नरबत दंगोलिया अपनी डेयरी पर दूध देकर लौट रहे थे। दिन में पीडि़त की भैंस आरोपियों के खेत में चली गई थी, इसी मामूली सी बात को लेकर आरोपियों के मन में खुन्नस भरी हुई थी। जब नरबत सरकारी स्कूल के सामने पुलिया के पास पहुंचे तो उनके अपने ही भाई संजू और भतीजों/रिश्तेदारों देवकरण, भुरू और सिद्ध लाल ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
हथियारों से बोला हमला
आरोपी संजू दंगोलिया हाथ में कुल्हाड़ी लेकर और देवकरण डंडे के साथ आया था। संजू ने नरबत के सिर और पैर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किए, जिससे उनके सिर के पिछले और बीच के हिस्से में गंभीर चोटें आईं। वहीं देवकरण, भुरू और सिद्ध लाल ने डंडों से ताबड़तोड़ वार कर उनकी जांघ, पिंडलियों और हाथों की हड्डियों को बुरी तरह घायल कर दिया।
बचाने आए परिजनों के सामने तोड़ा दम
बीच-बचाव करने के लिए मृतक की पत्नी रीना बाई, उनका बेटा रवि, रवि का दोस्त सर्वेश गुणवान और बहन सुनीता बाई मौके पर दौड़े और पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। आरोपियों ने सरेआम गंदी-गंदी गालियां देते हुए बेरहमी से मारपीट की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद अत्यधिक खून बहने और गंभीर हालत के कारण बेटे रवि ने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया। परिजन अचेत अवस्था में नरबत को शासकीय अस्पताल जावर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अदालत ने सुनाया फैसला
थाना जावर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया। विवेचक उप निरीक्षक वीरमलाल वर्मा ने गहन विवेचना पूरी कर अदालत में अभियोग पत्र पेश किया था। अदालत में चली सुनवाई के दौरान अभियोजन साक्ष्यों और अपर लोक अभियोजक दिनेश कुमार सोनी के तर्कों से संतुष्ट होकर न्यायाधीश ने चारों आरोपियों को दोषी पाया और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई।