कोतवाली चौराहे के पास कबाड़ के ढेर में लगी भीषण आग, 3 बाइक जलकर खाक

सीहोर। शहर के कोतवाली चौराहे के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। सुबह लगभग पांच बजे कबाड़ के एक बड़े ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज और विकराल थीं कि वे देखते ही देखते पास के एक तीन मंजिला मकान तक पहुंच गईं। सुबह-सुबह लगी इस भीषण आग और धुएं के गुबार को देखकर पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे।
इस आगजनी की चपेट में आने से वहां पास में ही खड़ी तीन मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि गाडिय़ों को हटाने का मौका ही नहीं मिला। जलने वाले वाहनों में एक स्पलेंडर, एक डीलक्स और एक पल्सर बाइक शामिल हैं, जो अब सिर्फ लोहे का ढांचा बनकर रह गई हैं।
टूटी सडक़ और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इलाके में नाले की सडक़ टूटी हुई है, जिसका फायदा उठाकर कबाड़ संचालक ने मोहल्ले की गलियों और सरकारी जमीन पर अवैध रूप से भारी मात्रा में कबाड़ फैला रखा है। लोगों को आशंका है कि इसी अवैध कबाड़ के ढेर के कारण आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया, जिसने गाडिय़ों और मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना के बाद से पूरे मोहल्ले के लोगों में मकान मालिक और कबाड़ संचालक के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है। रहवासियों का आरोप कि मकान मालिक ने ज्यादा किराए के लालच में अपना मकान कबाड़ी को दे रखा है, जिससे पूरे रिहायशी इलाके की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। लोगों ने यह भी शिकायत की है कि जब भी कोई इस अवैध कबाड़ और गंदगी का विरोध करता है तो कबाड़ संचालक स्थानीय लोगों को डराता-धमकाता है।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय युवाओं ने अपनी जान की परवाह न करते हुए फायर ब्रिगेड की टीम की मदद की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। यदि समय रहते आग को न रोका जाता तो तीन मंजिला मकान सहित आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ सकते थे।
अतिक्रमण हटाने की गुहार
घटना से डरे और नाराज मोहल्ले वासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस रिहायशी इलाके से अवैध कबाड़ के गोदाम और अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए। लोगों का कहना है कि आज तो सिर्फ गाडिय़ां जली हैं, लेकिन अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Exit mobile version