Newsआष्टामध्य प्रदेशराजनीतिकविशेषसीहोर

इंजीनियर गोपाल सिंह भाजपा में शामिल, इधर कांग्रेस का आरोप- पद के लालच में थामा भाजपा का दामन

मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष की उपस्थिति में सभी नए सदस्यों का किया स्वागत

सीहोर। आष्टा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले एवं वर्तमान में जिला पंचायत सीहोर के सदस्य गोपाल सिंह इंजीनियर ने अपने लगभग 125 समर्थकों के साथ कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इधर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि गोपाल सिंह ने पद के लालच में आकर कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह तोमर ने कहा है कि गोपाल सिंह की पत्नी का जिला पंचायत के प्रभार संबंधित आदेश हाईकोर्ट से जारी हो चुका था, लेकिन भाजपा हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना कर रही थी। भाजपा का दबाव था कि वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए, तभी आदेश माना जाएगा। इस दबाव में उन्होंने भाजपा ज्वाईन की है। जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह तोमर कहते हैं कि इंजीनियर गोपाल सिंह के भाजपा में जाने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमारे संपर्क में भी भाजपा के कई नेता हैं। इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में उबाल आ गया है।
बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में सभी नवागंतुक भाजपा सदस्यों का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, सांसद रमाकांत भार्गव, देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, सीहोर जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मालवीय, आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाजपा का दुपट्टा डालकर स्वागत किया एवं संगठन ने इन सभी को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।
केवल भाजपा में रहकर ही सेवा कर सकते हैं : मुख्यमंत्री
कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास का दूसरा नाम है। चाहे गरीबों के लिए मकान बनाने की बात हो, उन्हें नल कनेक्शन देने की बात हो, संबल योजना या फिर किसानों का कर्ज माफ करने जैसे सभी काम भारतीय जनता पार्टी ने किए हैं। आप सभी ने बिल्कुल सही फैसला लिया है, मैं आपके फैसले का स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा में रहकर ही आप सबकी सेवा कर सकते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर हमें जनता की सेवा करनी है, जिससे स्वयं के जीवन की सार्थकता एवं जनता का भी भला होगा। श्री चौहान ने कहा कि जिस विश्वास के साथ आपने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, उस विश्वास को हम कभी टूटने नहीं देंगे।
हम सभी एक परिवार की भांति मिलकर काम करेंगे : प्रदेश अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि आपको भाजपा में कार्य करते हुए आनंद आएगा, क्योंकि यह परिवार भाव से काम करने वाला कार्यकर्ता आधारित दल है। जिस प्रकार से परिवार में आत्मीयता का भाव होता है, उसी प्रकार भारतीय जनता पार्टी आत्मीय भाव के साथ काम करने वाला विश्व का सबसे बड़ा दल है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की एक और विशेषता है, जिसमें बूथ का अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष और एक गरीब का बेटा भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि आपको कभी ऐसा महसूस नहीं होगा कि आप किसी अन्य दल से आए हैं। हम सभी एक परिवार की भांति मिलकर काम करेंगे। मैं सभी का पार्टी में हार्दिक अभिनंदन करता हूं। सीहोर जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मालवीय ने इस अवसर पर कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए इंजी गोपालसिंह सहित सभी नए सदस्यों का जिला भाजपा सीहोर की ओर से स्वागत सम्मान कर सभी से उम्मीद की कि वे सभी के साथ जिले में पार्टी को ओर अधिक मजबूत बनाने, सरकार के कार्यों को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करेंगे।
तीन बार लड़ चुके हैं कांगे्रस के टिकट पर चुनाव-
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले इंजीनियर गोपाल सिंह कांग्रेस के टिकट पर तीन बार आष्टा विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। हर बार पराजय का ही सामना करना पड़ा। इंजीनियर गोपाल सिंह कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं और चुनावों में हार के बाद भी वे लगातार संगठन के लिए कार्य करते रहे हैं। अब 2023 में विधानसभा चुनाव है और उससे पहले गोपाल सिंह का कांग्रेस से भाजपा में आना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। हालांकि उनके भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह तोमर कहते हैं कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमारे संपर्क में भी भाजपा के कई नेता हैं।
ये भी हुए भाजपा में शामिल-
इंजीनियर गोपाल सिंह के साथ जिला पंचायत की सदस्य कृष्णा गोपाल इंजीनियर, अम्बाराम मालवीय, हरिसिंह देवड़ा, जनपद सदस्य सहित कई पूर्व पार्षद, ग्राम प्रधान सहित करीब 125 कांग्रेस के सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button