
सीहोर। जहां एक ओर देवउठनी ग्यारस पर घरों और मंदिरों में तुलसी विवाह व मांगलिक उत्सवों के दीप जलाए जाते हैं, वहीं जिले के किसानों ने इस पर्व को अनूठे शांतिपूर्ण आंदोलन का रूप दे दिया। खेतों में मौत बनकर झूल रहे 11 केवी और एलटी बिजली तारों से हो रहे हादसों के खिलाफ अनेक गांवों के किसानों ने अपने खेतों में उत्सव के बजाय न्याय के 11 दीप जलाए। देव उठेंगे, अब सरकार भी जागे के संदेश के साथ मनाई गई इस अनूठी एकादशी में किसानों ने दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर व्यवस्था को जगाने का प्रयास किया।
किसान एवं समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में कई महीनों से आंदोलन कर रहे किसानों ने इस एकादशी को पीडि़त परिवारों के न्याय से जोड़ा। किसानों का कहना था कि दीपावली पर घरों में रोशनी तो हुई, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही से खेतों में झूल रहे तारों ने कई परिवारों के चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए।
इस अनूठी एकादशी के माध्यम से किसानों ने ग्राम महोडिय़ा की सुगनबाई मेवाड़ा और छापरी कला के निखिल मेवाड़ा को श्रद्धांजलि दी, जिनकी बिजली हादसों में मृत्यु हो चुकी है। साथ ही बरबेली के घायल किसान सतीश मेवाड़ा के लिए न्याय की गुहार लगाई, जो हादसे के बाद आज भी गंभीर पीड़ा झेल रहे हैं।
दीपों की रोशनी में तख्तियों पर रखीं 11 मांगें
देवउठनी ग्यारस पर किसानों ने खेतों में 11 दीप प्रज्वलित किए और उनके सामने अपनी 11 प्रमुख मांगों की तख्तियां लगाकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। किसानों ने नाराजगी जताई कि महिला आयोग और मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप के बावजूद अब तक पीडि़तों को पूरा न्याय नहीं मिला है और कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित रखकर वरिष्ठ अधिकारियों को बचाया जा रहा है।
इस अनूठी पहल के जरिए किसानों ने श्यामपुर क्षेत्र के दोषी अधीक्षक यंत्री, कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्री पर एफआईआर दर्ज करने, घायल सतीश मेवाड़ा को 25 लाख रुपए का मुआवजा व सरकारी नौकरी देने तथा मृतक सुगनबाई मेवाड़ा व निखिल मेवाड़ा के परिजनों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग दोहराई। समाजसेवी एमएस मेवाड़ा ने कहा कि ये 11 दीप उजड़े परिवारों के दर्द और न्याय की पुकार हैं और इंसाफ मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।



