Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

ट्राइडेंट कंपनी के सोलर प्लांट से केबल चुराने वाला गिरोह दबोचा, 4 आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। बुधनी पुलिस ने अंतरजिला केबल चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्राइडेंट कंपनी के सोलर प्लांट से करीब 1000 मीटर कीमती केबल चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए माल का जला हुआ तांबा और वारदात में इस्तेमाल की गई अल्टो कार जब्त कर ली गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 30 अप्रैल को फरियादी एकलव्य चादवडकर निवासी नर्मदापुरम ने बुदनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने ट्राइडेंट कंपनी के सोलर प्लांट का निरीक्षण किया तो पाया कि वहां लगी सोलर केबल कटी हुई थी। कोई अज्ञात चोर लगभग 100000 रुपये मूल्य की 1000 मीटर केबल काटकर ले गए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी संदीप जाट के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पतारसी की। पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी में मो. सोराब पठान निवासी करोंदए भोपाल। राजू खां निवासी हकीमपुर खोयरा जिला सीहोर। नदीम खान निवासी विश्वकर्मा नगर करोंद भोपाल और सद्दाम खान निवासी हकीमपुर खोयरा जिला सीहोर हाल निवासी इटखेड़ी भोपाल शामिल है।
आरोपियों से जब्त मशरूका
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से केबल को जलाकर निकाला गया तांबा और घटना में प्रयुक्त अल्टो कार बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों को बुदनी न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के दो अन्य सदस्य फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
चोरी के खुलासे में थाना प्रभारी उनि संदीप जाट, उनि राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक नरेंद्र चौरे, सतीष रनवीर, आरक्षक सोनू चौहान, अनुज यादव थाना बुदनी, आरक्षक हर्षित मालवीय थाना शाहगंज और प्रधान आरक्षक शैलेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button