
सीहोर। जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ता गैंगवार और अवैध गतिविधियों ने जहां पुलिस प्रशासन के लिए नई चुनौतियां बढ़ा दीं है तो वहीं आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। पहले जहां रेहटी नगर में दो भाइयों के आपसी विवाद में गैंगवार की घटना हुए थी। बाहर से आए बदमाशों ने खुलेआम आतंक मचाया था। अब रेहटी तहसील के ग्राम गांजीत में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां भी बाहर से आए कुछ लोगों ने एक घर पर हमला बोला है। कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग लाठियां लिए हुए नजर आ रहे हैं। एक युवक अर्धनग्न अवस्था में दिखाई दे रहा है, जिसे कुछ लोग पकड़कर ले जा रहे हैं। फिलहाल मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है। इधर कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा ने इस घटना पर निशाना साधा है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि अपराधियों को सजा हो।
लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियां –
सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा में लगातार अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं। यूं तो अवैध गतिविधियों को लेकर क्षेत्र पहले से ही सुर्खियों में रहता है, लेकिन अब यह अवैध गतिविधियां गैंगवार जैसी घटनाओं की साक्षी बन गई है। बुधनी विधानसभा में जहां अवैध खनन, अवैध शराब, अवैध कॉलोनियां जुआ, सट्टा सहित तमाम अन्य गतिविधियों भी जमकर चल रही है। अब जिले की नई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना से उम्मीदें हैं कि वह इन अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करेंगी और इन पर लगाम भी लगाएंगी।
ग्रामीणों के घरों पर हमला एवं गाड़ियों में तोड़फोड़ बेहद दुर्भाग्यपूर्ण : विक्रम मस्ताल शर्मा