गोपालपुर पुलिस ने दो गांजा तस्करों किया गिरफ्तार, मोटरसाइकिल सहित 72 हजार का माल जब्त

सीहोर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालपुर थाना पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दो गांजा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त किए गए कुल मशरूके की कीमत 72 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना और संदेह के आधार पर गोपालपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शब्दर पिता हुसैन शाह निवासी गोपालपुर और सद्दाम पितारू बल्ला शाह निवासी अतवास थाना सतवास जिला देवास के रूप में हुई है।
गांजा और मोटरसाइकिल जब्त
जब पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 2 किलोग्राम 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 22 हजार रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 72 हजार रुपये का माल बरामद किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य स्रोतों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपी सद्दाम से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि वे गांजा कहां से लाते थे और किसे बेचने जा रहे थे।



