
सीहोर। जिला मुख्यालय के बस स्टैंड स्थित पीसी लैब में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग जगत की जानी मानी शख्सियत और बैंक ऑफ अमेरिका के वाइस प्रेसिडेंट आनंद भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सीहोर की मेधावी छात्राओं और गणमान्य नागरिकों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में उनकी पत्नी रेखा भाटिया भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। शहर आगमन पर क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय ने भाटिया दंपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और उन्हें जिले की शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी।
छात्राओं को संबोधित करते हुए आनंद भाटिया ने अमेरिका के अपने 26 सालों के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया जब मैं ढाई दशक पहले अमेरिका गया था, तब स्थितियां बहुत अलग थीं। वहां के लोग हमारी भाषा, खान-पान और संस्कृति को कमतर आंकते थे और अक्सर चिढ़ाते थे।
उन्होंने गर्व के साथ आगे बताया कि सुधा ओम ढींगरा और उनके निरंतर प्रयासों से आज यह सोच पूरी तरह बदल चुकी है। आज अमेरिका की करीब 40 यूनिवर्सिटी में हिंदी विभाग चल रहे हैं। इतना ही नहीं वहां नवरात्र के दौरान होने वाली रामलीला में अब अंग्रेज भी बड़े उत्साह से भाग लेते हैं और अलग-अलग पात्र निभाते हैं। यह हमारी संस्कृति की वैश्विक जीत है।
1000 बेटियों को शिक्षा देने का लक्ष्य
ढींगरा फैमिली फाउंडेशन के प्रतिनिधि और वरिष्ठ साहित्यकार पंकज सुबीर ने सीहोर में चल रहे नि:शुल्क शिक्षा कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने एक भावुक पक्ष रखते हुए कहा कि हर साल फाउंडेशन के पास निशुल्क शिक्षा के लिए करीब 3500 बालिकाओं के आवेदन आते हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण अभी सिर्फ 400 छात्राओं का ही चयन हो पाता है और बाकी बेटियों को मायूस लौटना पड़ता है। उन्होंने संकल्प जताया कि भविष्य में इस संख्या को बढ़ाकर 1000 तक पहुंचाया जाएगा ताकि कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे।
आर्थिक मजबूती से ही आएगा स्वावलंबन
कार्यक्रम में रेखा भाटिया ने फाउंडेशन की संरक्षिका सुधा ओम ढींगरा का विजन साझा करते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य देश की अधिक से अधिक बेटियों को न केवल शिक्षित करना है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से इतना आत्मनिर्भर बनाना है कि उन्हें जीवन भर किसी पर आश्रित न रहना पड़े। जब एक बेटी आर्थिक रूप से स्वतंत्र होती है तो वह पूरे समाज को मजबूत बनाती है।
विदेशों में बढ़ रहा है देश का दबदबा
विधायक सुदेश राय ने अपने संबोधन में कहा कि यह हमारे लिए बड़े गर्व की बात है कि हमारे देश की प्रतिभाएं विदेशों में जाकर भारत का मान बढ़ा रही हैं। आज पूरी दुनिया में भारत का दबदबा बढ़ रहा है, जिसका श्रेय आनंद भाटिया जैसे कर्मठ लोगों को जाता है जो सात समंदर पार रहकर भी अपनी मिट्टी और बेटियों के भविष्य की चिंता कर रहे हैं।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस मौके पर फाउंडेशन की 40 चयनित बालिकाओं के साथ-साथ शहर के गणमान्य नागरिक अनिल पालीवाल, कैलाश अग्रवाल, उमेश शर्मा, सुनील भालेराव, अशोक राय, हितेंद्र गोस्वामी और राजकुमार राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने आनंद भाटिया से करियर को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बेहद सहजता से जवाब देकर उनका मार्गदर्शन किया।