Sehore News : सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में श्री राधेश्याम विहार कालोनी में पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन

सीहोर। अब पौधारोपण करने से मात्र से काम नहीं चलने वाला। पौधारोपण के साथ उसे खाद, पानी और संरक्षण देने के लिए भी जिम्मेदारी तय करना होगी और संबंधित जिम्मेदार से समय-समय पर जवाब भी लेना होगा। पौधारोपण करने के बाद कितने पौधे जीवित बचे और कितने नष्ट हुए इसके आंकड़े भी जिम्मेदारों के पास उपलब्ध नहीं होते हैं। यदि इस तरह से पौधारोपण होता रहा तो पर्यावरण को ज्यादा कुछ विशेष लाभ नहीं होने वाला, लेकिन शहर के सोया चौपाल स्थित श्री राधेश्याम विहार कालोनी में रविवार को सर्व ब्राह्मण समाज के द्वारा जो जिम्मेदारी के साथ पौधारोपण करने का संकल्प लिया गया है वह सराहनीय है। उक्त विचार मंडी थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने व्यक्त किए। उन्होंने ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा और नवनियुक्त सचिव जितेन्द्र तिवारी की पहल का स्वागत किया है।
इस मौके पर श्री राधेश्याम विहार कालोनी की ओर से सर्व ब्राह्मण समाज के नवनियुक्त सचिव ने बताया कि कालोनी सहित हमारे द्वारा हर साल पौधा रोपण का आयोजन किया जाता है, कालोनी में ही करीब 500 से अधिक पौधों को तैयार किया गया है और ब्राह्मण समाज के आह्वान पर शहर सहित आस-पास के स्थानों पर पौधा रोपण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि शहर सहित आस-पास के क्षेत्र में 500 सौ से अधिक पौधों के रोपण के साथ-साथ उनके संरक्षक की जिम्मेदारी ली गई है। इस क्रम को आगे बढ़ते हुए रविवार को पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि बर्थडे और वैवाहिक वर्षगांठ के मौकों पर पौधा लगाने का संकल्प ले साथ ही उनकी सुरक्षा और पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी लेंगे। जिससे यह पूरा क्षेत्र हरा-भरा हो जाएगा, और आस-पास रहने वाले लोगों को भी शुद्ध हवा मिल सकेगी। पौधा रोपण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों के अलावा बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी शामिल थे। बैठक के दौरान ब्राह्मण समाज की कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया और ब्राह्मण समाज की बैठक के दौरान तय किया गया है कि आगामी दिनों में शहर के सैकड़ाखेड़ी रोड के अलावा शहर के सभी सेक्टरों में समाज के लोगों के द्वारा पौधा रोपण का आयोजन किया जाएगा।