Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

भारी बारिश में भी नहीं डिगी कांवडिय़ों की आस्था, 11 किमी पैदल चल पहुंचे कुबरेश्वर धाम

सीहोर। सावन के दूसरे सोमवार को भारी बारिश कांवडिय़ों की आस्था को नहीं डिगा सकीं। शहर के सीवन नदी तट से प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम तक करीब 11 किलोमीटर के मार्ग पर हजारों कांवड़ यात्री नंगे पैर और दंडवत करते हुए भगवान शिव के जयकारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह और भक्ति देखने को मिली। वहीं सावन के दूसरे सोमवार को दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया।
सोमवार को दोपहर मध्यप्रदेश इंफ्लुएंसर के तत्वावधान में भी भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में प्रदेश के लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपने कार्यों से पहचान बनाने वाले लोग शामिल हुए। सीवन नदी से जल लेकर श्रद्धालु करीब 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। पूरे यात्रा मार्ग पर हर-हर महादेव और श्री शिवाय नमस्तुभ्यं के जयकारे गूंजते रहे। बारिश के बावजूद कांवड़ यात्रियों के कदम नहीं रुके।

मात्र कुछ घंटों की बारिश से लबालब हुई सीवन
कांवड़ यात्रियों की आस्था के प्रमुख केंद्र सीवन नदी का जलस्तर पिछले दिनों कम हो गया था। देर रात हुई तेज बारिश के बाद कुछ ही घंटों में सीवन नदी लबालब हो गई। नदी के बड़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सीवन नदी घाट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सीवन नदी घाट से कुबेरेश्वरधाम तक कॉरिडोर, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं।
दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी
सावन के दूसरे सोमवार को कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विठलेश सेवा समिति की ओर से आधुनिक भोजनशाला में 50 क्विंटल खिचड़ी, 20 क्विंटल नुक्ती सहित भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला सहित सेवादारों ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी और अन्य व्यवस्थाओं को संभाला।
कल होगा ऑनलाइन पार्थिव शिवलिंग अभिषेक
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर ऑनलाइन पार्थिव शिवलिंग अभिषेक का दिव्य आयोजन किया जाएगा। रात्रि 7 बजे से विश्वभर में करोड़ों शिवभक्त अपने-अपने घरों पर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना और पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक करेंगे। कुबेरेश्वरधाम से इस आयोजन के सीधे प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है। सावन शिवरात्रि के अवसर पर होने वाले इस आयोजन को लेकर शिवभक्तों में विशेष उत्साह है।
सावन और कांवड़ यात्रा से बाजार गुलजार
सावन मास और कांवड़ यात्राओं के कारण शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। शिवभक्तों की बढ़ती भीड़ के चलते भगवा वस्त्र, महादेव प्रिंट वाली कॉटन टी-शर्ट, कांवड़ सजाने की सामग्री, पूजा सामग्री सहित अन्य धार्मिक वस्तुओं की मांग बढ़ी है। व्यापारियों के कारोबार में भी तेजी देखने को मिल रही है।
शहर में महाकुंभ जैसा वातावरण
कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के धार्मिक आयोजनों के कारण शहर और कुबेरेश्वरधाम देशभर में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। सावन मास में लाखों की संख्या में कांवड़ यात्री और श्रद्धालु शहर पहुंच रहे हैं। कुबेरेश्वरधाम सहित आसपास के क्षेत्रों में हर ओर महाकुंभ जैसा वातावरण नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की भारी आमद के कारण शहर के होटल, धर्मशाला और अन्य ठहरने के स्थान भी हाउसफुल नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button