चक्काजाम की भनक लगते ही चांदबड़ जोड़ पर तैनात हुए 100 पुलिस जवान, तहसीलदार के 7 दिन के आश्वासन पर टला आंदोलन

सीहोर। सीहोर-श्यामपुर मार्ग की बदहाली और बिजली संकट को लेकर सोमवार को प्रस्तावित ग्रामीणों के चक्काजाम से पहले ही जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही चांदबड़ जोड़ पर 100 जवानों का भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार और बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को 7 दिन में काम शुरू करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद चक्काजाम का फैसला फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि सीहोर से श्यामपुर की सडक़ का निर्माण अत्याधुनिक एफडीआर तकनीक से किया गया था, लेकिन भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के चलते यह सडक़ अपने पहले ही साल में पूरी तरह उखड़ गई है। सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के दर्जनों गांवों में लगातार बिजली की आवाजाही बनी हुई है। वर्तमान में फसलों की सिंचाई का समय चल रहा है, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसान अपने खेतों में पानी नहीं फेर पा रहे हैं, जिससे फसलें सूखने की कगार पर हैं।
7 दिन का अल्टीमेटम
मौके पर मौजूद तहसीलदार और बिजली विभाग के एई ने आक्रोशित ग्रामीणों और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश गौर से चर्चा कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आगामी 7 दिनों के भीतर सडक़ की मरम्मत और बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम का निर्णय स्थगित कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर सुचारू रूप से काम चालू नहीं हुआ तो वे फिर से चांदबड़ जोड़ पर उग्र चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे।



