Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

एम्स भोपाल में अब व्हाट्सएप स्वास्थ्य सेवा शुरू, क्यूआर कोड स्कैन करें, घर बैठे पाएं अपॉइंटमेंट

सीहोर। जिले से एम्स भोपाल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी और बेहद काम की खबर है। अब अस्पताल में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने, लैब टेस्ट रिपोर्ट लेने या डिस्चार्ज समरी हासिल करने के लिए लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी। एम्स प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए व्हाट्सएप स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत कर दी है। इस नई डिजिटल पहल के जरिए मरीज अपने मोबाइल से ही अस्पताल की 8 प्रमुख सेवाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेंगे।
एम्स प्रबंधन के अनुसार इस सेवा का इस्तेमाल करने के लिए मरीजों को अपने फोन में कोई भी नया ऐप डाउनलोड करने या किसी वेबसाइट पर जाने की झंझट नहीं उठानी पड़ेगी। मरीजों को सिर्फ एम्स द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा। स्कैन करते ही व्हाट्सएप पर मैसेज विंडो खुलेगी, जहां अंग्रेजी में ‘ही’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर दिख रहे निर्देशों का पालन कर मरीज अपनी जरूरत के हिसाब से ओपीडी स्लॉट चुन सकेंगे और अपॉइंटमेंट बुक कर पाएंगे।
फिलहाल इस सेवा को ट्रायल तौर पर शुरू किया गया है। संस्थान के अनुसर मरीजों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इस व्यवस्था में और सुधार किए जाएंगे तथा आने वाले दिनों में कुछ अन्य जरूरी सेवाओं को भी इस व्हाट्सएप सिस्टम से जोड़ा जाएगा।
एक व्हाट्सएप से मिलेंगी ये 8 प्रमुख सुविधाएं
ओपीडी अपॉइंटमेंट: घर बैठे ओपीडी के उपलब्ध दिन और समय देखकर डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे।
जांच रिपोर्ट: पैथोलॉजी और अन्य डायग्नोस्टिक टेस्ट की रिपोर्ट सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगी और डाउनलोड हो सकेगी।
डिस्चार्ज समरी: अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद डिस्चार्ज समरी रिपोर्ट मोबाइल पर देखी और डाउनलोड की जा सकेगी।
आभा आईडी बनाना: व्हाट्सएप के जरिए ही मरीज अपनी डिजिटल हेल्थ आईडी ‘आभा’ पहचान संख्या बना सकेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं से लिंक: अपनी आभा आईडी को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं से आसानी से जोड़ सकेंगे।
जन्म प्रमाण-पत्र: एम्स में हुए बच्चों के जन्म का प्रमाण-पत्र व्हाट्सएप पर ही प्राप्त और डाउनलोड किया जा सकेगा।
मृत्यु प्रमाण-पत्र: अस्पताल द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण-पत्र भी व्हाट्सएप के माध्यम से मिल सकेगा।
अस्पताल की जानकारी: ओपीडी सेवाओं और मरीज से जुड़ी अन्य सुविधाओं की पूरी जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध रहेगी।
लंबी लाइनों से मिलेगी राहत
बता दें एम्स भोपाल में रोजाना सीहोर से जिले से बड़ी संख्या में मरीज जाते हैं, जिन्हें पर्चा बनवाने और रिपोर्ट लेने के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता था। इस व्हाट्सएप सेवा के शुरू होने से मरीजों का न केवल समय बचेगा, बल्कि उन्हें बार.बार अस्पताल के चक्कर भी नहीं काटने पड़ेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button