बाढ़ और तबाही के बीच जमीनी मोर्चे पर उतरे अरोरा, जलमग्न खेतों में पहुंचकर जाना किसानों का दर्द
बोले, मुआवजे की पूरी भरपाई करेगी सरकार

सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा से बेहाल किसानों और ग्रामीणों का दर्द बांटने के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा मंगलवार को खुद जमीनी मोर्चे पर उतरे। उन्होंने प्रभावित गांवों का दौरा किया और खेतों में पहुंचकर जलमग्न हुई फसलों का जायजा लिया।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा सीहोर के मिट्टूखेड़ी और सिराड़ी गांव पहुंचे। यहां खेतों में लबालब भरे पानी और डूबी हुई फसलों को देखकर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। लगातार बारिश से किसानों की महीनों की पसीने की कमाई और पूंजी पानी में डूबकर नष्ट हो चुकी है। अरोरा ने परेशान किसानों के बीच जाकर उनका हाथ थामा और ढांढस बंधाते हुए कहा कि संकट के इस कठिन दौर में वे अकेला महसूस न करें।
घरों में रखा अनाज और सामान तबाह
दौरे के दौरान जसपाल सिंह अरोरा बनखेड़ा, चरानाल और रेवासी गांवों में भी पहुंचे। यहां नदी-नाले उफान पर आने से बाढ़ का पानी लोगों के रिहायशी मकानों में घुस गया था। बाढ़ के कारण कई गरीब परिवारों के घरों में रखा अनाज, कपड़े और रोजमर्रा की गृहस्थी का सामान पूरी तरह डूबकर नष्ट हो गया। अरोरा ने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं।
तहसीलदार को दिए निर्देश, सीएम से करेंगे बात
हालात की गंभीरता को देखते हुए जसपाल सिंह अरोरा ने मौके से ही स्थानीय तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि बिना किसी लालफीताशाही के तुरंत प्रभावित खेतों और जलभराव वाले मकानों का पारदर्शी सर्वे शुरू किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि वे इस भीषण नुकसान की जानकारी देने के लिए व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात करेंगे।
घबराएं नहीं किसान, नुकसान की होगी पाई-पाई भरपाई
पीडि़त किसानों और ग्रामीणों को संबल देते हुए जसपाल सिंह अरोरा ने कहा किसान भाई बिल्कुल भी घबराएं नहीं। मध्य प्रदेश में किसानों और आमजन की अपनी सरकार है। आपदा की इस घड़ी में हमारी सरकार और प्रशासन हर पीडि़त नागरिक के साथ मजबूती से खड़ा है। जो भी नुकसान हुआ है, उसकी पाई-पाई की भरपाई की जाएगी और हर प्रभावित को मुआवजा दिलवाया जाएगा।



