Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

बुधनी में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने दफन किए तीनों के शव, सामने नहीं आया कोई परिजन

- बुधनी पुलिस की कार्रवाई की सराहना, स्टॉफ को किया गया सम्मानित

सीहोर। जिले के बुधनी थाना अंतर्गत दो लाख रुपए के कर्ज के विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या के बाद अब तक मृतकों का कोई भी परिजन या वारिस सामने नहीं आया है। ऐसे में पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए अस्पताल के पीछे तीनों शवों को दफन कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि भविष्य में परिवार का कोई सदस्य या वारिस सामने आता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर हत्याकांड का 36 घंटे में खुलासा करने वाली बुधनी पुलिस की जमकर सराहना भी हो रही है। विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल ने पुलिस टीम को सम्मानित किया है। बता दें तिहरे हत्याकांड के बाद से पुलिस लगातार मृतक परिवार के अन्य रिश्तेदारों व सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस को राजगढ़ जिले के जीरापुर क्षेत्र में परिवार के होने की संभावना मिली थी, जिसके आधार पर वहां की एसआईआर सर्वे रिपोर्ट भी खंगाली गई, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चल सका। एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि मृतक परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने के प्रयास लगातार जारी हैं, हालांकि जीरापुर में तलाश के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। परिजनों के सामने नहीं आने के कारण पुलिस ने अस्पताल के पीछे शवों का अंतिम संस्कार (दफन) करवा दिया है।
मकान सील कर थाने में जमा कराई चाबी –
घटना के बाद मृतक राकेश मीणा के मकान को पुलिस ने सील कर दिया है और घर की चाबी बुधनी थाने में जमा कर दी गई है। जिस आंगन में कुछ दिन पहले तक परिवार की चहल-पहल और रौनक हुआ करती थी, वहां अब पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के सदस्यों के नहीं रहने से घर में पाले गए बकरे-बकरियां भी बेसहारा हो गए हैं। इस संवेदनशील घड़ी में पड़ोसियों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए इन बेजुबान पशुओं की देखभाल का जिम्मा संभाला है। आसपास रहने वाले लोग रोजाना बकरे-बकरियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, ताकि वे भूखे-प्यासे न रहें।
बुधनी पुलिस की सराहना, हुआ सम्मान, मिली वाहवाही –
बुधनी में पिछले दिनों हुए ट्रिपल मर्डर के मामले में बुधनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों आरोपी 36 घंटे में गिरफ्तार हो गए। पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल जिला बुधनी के कार्यकर्ताओं द्वारा बुधनी पुलिस टीम का सम्मान किया गया। ट्रिपल मर्डर के बाद पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी सुनील ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को 36 घंटे में ही दबोच लिया। बुधनी पुलिस द्वारा ट्रिपल मर्डर केस का सफलतापूर्वक खुलासा किए जाने पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस टीम का सम्मान कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के सुशील खत्री, राहुल सिंह राजपूत, भानु यादव, सोनू चौहान, बंटी गौर, विवेक राजपूत, जयराम मालवीय, नवल डबड़ा, शैलेंद्र परिहार, मनोरम व्यास, पप्पू विश्वकर्मा, राकेश मीणा, अरविंद दीक्षित, गौरव, रमेश शर्मा, शेखर रजक, श्रवण गौर, विनोद राठौर, शुभम मालवीय, मोहित खत्री, सौरभ ठाकुर, हर्षित रैकवार एवं प्रवीण भावसार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने और नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की सक्रियता महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button