स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: सीहोर नगर पालिका फिसड्डी, बुधनी ने बचाई इज्जत

- सीहोर नगर पालिका कायम नहीं रख सकी स्वच्छता का तमगा, 2024-25 में हासिल किया था प्रदेश में पहला स्थान

सीहोर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के आए नतीजों में सीहोर जिले की बुधनी नगर परिषद ने इज्जत बचाई है, लेकिन इस बार सीहोर नगर पालिका फिसड्डी साबित हो गई। दरअसल स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में सीहोर नगर पालिका ने जहां मध्यप्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था तो वहीं राष्ट्रीय स्तर पर देशभर में 6वां स्थान एवं नगर पालिकाओं की श्रेणी में देशभर की नगर पालिकाओं की रैंकिंग में दूसरा स्थान पाया था। इस बार सीहोर नगर पालिका अपना यह तमगा नहीं बचा पाई। बुधनी ने गत वर्ष भी 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया था और इस बार भी बुधनी नगर परिषद तीसरे स्थान पर कायम रही।
बुधनी ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव-
सीहोर जिले के कुल 9 नगरीय निकायों के बीच नगर परिषद बुधनी ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान रचते हुए पूरे जिले और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। केंद्र सरकार द्वारा कराए गए स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में बुधनी नगर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरते हुए 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधनी को प्रतिष्ठित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सीहोर जिले में कुल 9 नगरीय निकाय हैं। इनमें सीहोर और आष्टा दो नगर पालिकाएं हैं, जबकि बुधनी, रेहटी, भैरुंदा, शाहगंज, कोठरी, जावर और इछावर सहित कुल 7 नगर परिषदें हैं। जिले के इन सभी 9 निकायों में स्वच्छता को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन छोटी नगर परिषद होने के बावजूद बुधनी ने अपनी बेहतरीन कार्ययोजना, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी के दम पर राष्ट्रीय मंच पर मुकाम हासिल किया है।
राष्ट्रपति के हाथों मिला सम्मान-
पिछले दिनों नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में जैसे ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से बुधनी को देश के तीसरे सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला, पूरे सीहोर जिले और विशेषकर बुधनी नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को बधाई देकर इस गौरवपूर्ण क्षण का जश्न मनाया। बुधनी की इस बड़ी उपलब्धि पर कलेक्टर बालागुरु के. ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नगरवासियों, सफाईमित्रों और नगर परिषद की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
सीहोर नगर पालिका कायम नहीं रख सकी तमगा, उठ रहे सवाल-
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में सीहोर नगर पालिका ने 1-3 लाख आबादी वाले शहरों में देशभर में 6वां और मध्यप्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया था। सीहोर नगर पालिका को जीएफसी थ्री स्टार, ओडीएफ$$ और वॉटर प्लस प्रमाणपत्र भी मिले थे, लेकिन यह तमगा एक वर्ष में ही छिन गया। इतना ही नहीं सीहोर नगर पालिका किसी भी श्रेणी में कोई पुरस्कार नहीं जीत सकी। इससे गत वर्ष के स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सीहोर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोग दबी जुबां में कह रहे हैं कि गत वर्ष यह पुरस्कार कोई सेटिंग करके जीते थे, लेकिन इस बार कोई जुगाड़ नहीं जम पाई। गत वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण में उपलब्धि हासिल होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने इस सम्मान को नगरवासियों, सफाई मित्रों, नगर पालिका अधिकारियों-कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों और सहयोग का परिणाम बताया था, लेकिन इस बार सीहोर नगर पालिका पूरी तरह से फिसड्डी साबित हुई।

Exit mobile version